समाचार · पंजाब
जलालाबाद में रास्ते के विवाद पर फायरिंग:2 पक्षों में ईंट-पत्थर चले, एक युवक घायल; वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
फाजिल्का जिले के जलालाबाद विधानसभा क्षेत्र के गांव चक्क मोजदीन सूरघूरी में घर को जाने वाले रास्ते को लेकर 2 पक्षों के बीच विवाद होने का मामला सामने आया है। हालांकि विवाद के दौरान पहले दोनों पक्षो में गाली-गलौच और बहस हुई। इसके बाद मामला तूल पकड़ गया और झगड़े का रूप लेते हुए देखते ही देखते ईंट-पत्थर चलने लगे। इस दौरान एक पक्ष द्वारा फायरिंग भी की गई। मौके का वीडियो बनाया गया. जिसमें लोग एक दूसरे पर ईंटें बरसाते दिखाई दे रहे हैं। फिलहाल मौके पर पुलिस पहुंची है। सुखचैन सिंह ने बताया कि उसके घर के सामने उसके चाचा का घर है और दोनों घरों के लिए एक ही गली का रास्ता है। पिछले कुछ दिनों से इस गली को बंद करने की कोशिश की जा रही थी। इस संबंध में उसने 3 बार गांव के सरपंच से हस्तक्षेप करने और विवाद को रोकने की अपील की थी। इसके अलावा उसने थाना वैरोका में भी एक शिकायत दी थी। सुखचैन सिंह का आरोप है कि उसके चाचा के बेटे ने बाहर से लोगों को बुला लिया। पहले दोनों पक्षों में कहासुनी हुई, फिर ईंट-पत्थर चले और उसके बाद दूसरे पक्ष की ओर से गोली चला दी गई। सुखचैन सिंह के अनुसार गोली उसके भाई के हाथ में लगी, जिसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने घटनास्थल का लिया जायजा फायरिंग की सूचना मिलने पर सबसे पहले डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची। इसके बाद थाना वैरोका से एएसआई कश्मीर लाल अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने जांच के दौरान मौके से 2 खाली खोल भी बरामद किए हैं। पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और प्राप्त तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।