समाचार · मध्य प्रदेश
शिवपुरी और सागर से निकलेंगी भाजपा की 2 यात्राएं:रविदास जयंती पर चलेगा सामाजिक समरसता अभियान; सौंपी जिम्मेदारियां
गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती पर भाजपा सामाजिक समरसता संकल्प यात्रा निकालेगी। 25 से 30 नवंबर के बीच मध्य प्रदेश से उत्तर प्रदेश तक दो उपयात्राएं निकलेंगी। एक यात्रा शिवपुरी से इटावा और दूसरी सागर से कानपुर तक पहुंचेगी। भाजपा के प्रदेश महामंत्री डॉ. सुमेर सिंह सोलंकी ने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष व विधायक हेमंत खंडेलवाल की सहमति से इन यात्राओं का आयोजन किया जा रहा है। शिवपुरी से इटावा तक निकलने वाली उपयात्रा 29 नवंबर को शाम 4 बजे इटावा में मुख्य यात्रा में शामिल होगी। शिवपुरी से इटावा तक की उपयात्रा मध्यप्रदेश के शिवपुरी, दतिया, ग्वालियर ग्रामीण, ग्वालियर और भिंड जिले से गुजरेगी। वहीं, सागर से कानपुर तक की उपयात्रा सागर, टीकमगढ़, झांसी और उरई होते हुए कानपुर पहुंचेगी। यात्राओं के संयोजक नियुक्त शिवपुरी से इटावा तक निकलने वाली उपयात्रा का संयोजक प्रदेश मंत्री लोकेन्द्र पाराशर को बनाया गया है। अजा मोर्चा के प्रदेश महामंत्री रामस्वरूप शुक्रवारे, प्रदेश मंत्री डॉ. जगदीश चौहान, शिवपुरी जिला महामंत्री योगेंद्र सिंह रघुवंशी, पार्टी के पूर्व दतिया जिला अध्यक्ष विक्रम सिंह बुंदेला, ग्वालियर ग्रामीण जिला मंत्री विष्णुदत्त पाठक, अजा मोर्चा के जिला अध्यक्ष ओम प्रकाश धनोल और भिंड जिला महामंत्री मनोज अनंत को सह संयोजक बनाया गया है। सागर से कानपुर तक की उपयात्रा का संयोजक पार्टी के शहडोल संभाग प्रभारी गौरव सिरोठिया को बनाया गया है। राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष अजा मोर्चा सूरज कैरो, विधायक प्रदीप लारिया, प्रदेश महामंत्री अजा मोर्चा कृष्णा चौधरी, जिला प्रभारी पन्ना जाहर सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष अजा मोर्चा भगवती प्रसाद शिंदे, सागर जिला महामंत्री चेतराम अहिरवार और टीकमगढ़ जिला उपाध्यक्ष रामगोपाल चौरसिया को सह संयोजक बनाया गया है। 15 जनवरी तक छात्रावास संपर्क अभियान डॉ. सुमेर सिंह सोलंकी ने बताया कि सामाजिक समरसता संकल्प अभियान के तहत 26 नवंबर 2026 से 15 जनवरी 2027 तक छात्रावास संपर्क अभियान भी चलाया जाएगा। प्रदेश अध्यक्ष अजा मोर्चा भगवान सिंह परमार को इसका संयोजक बनाया है। प्रदेश छात्रावास प्रभारी दीपक कुमार भनारे, सागर के पूर्व जिलाध्यक्ष एडवोकेट नरेंद्र अहिरवार, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य शिवकुमार चौधरी, सह प्रभारी छात्रावास दुर्गेश चौहान और सह सोशल मीडिया प्रभारी डॉ. गिरजा जाटव को सह संयोजक बनाया है। उन्होंने बताया कि अभियान का उद्देश्य संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज के विचारों, सामाजिक समरसता, समानता और सामाजिक एकता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना है।