समाचार · पंजाब
पंजाब NHM कर्मियों ने सामूहिक छुट्टी ली:कल पटियाला में सेहत मंत्री के घर पर धरना, 5 हजार मुलाजिम पहुंचेंगे; सैलरी बढ़ाने-पक्का करने की मांग
पंजाब के लगभग 5 हजार NHM कर्मचारी 8 सितंबर को पटियाला में धरना देंगे और स्वास्थ्य मंत्री की कोठी का घेराव करेंगे। 15 दिन से धरने पर चल रहे नेशनल हेल्थ मिशन के कर्मचारी कम वेतन और पक्का न किए जाने से नाराज हैं। कल के धरने को लेकर कर्मचारियों ने तैयारी कर ली है। इसके लिए पंजाब के सभी जिलों के सिविल अस्पतालों में काम कर रहे कर्मचारियों ने सामूहिक छुट्टी की एप्लीकेशन दी है। नेशनल हेल्थ मिशन (NHM) कर्मचारियों का कहना है कि 8 सितंबर को राज्यभर में सामूहिक अवकाश (मास लीव) लेकर स्वास्थ्य मंत्री के खिलाफ पटियाला में रैली करेंगे। इस संबंध में यूनियन की ओर से प्रबंध निदेशक और सिविल सर्जन को औपचारिक नोटिस भेज दिया गया है। 5 साल में सरकार के साथ 50 बैठकें हो चुकीं
यूनियन नेताओं ने बताया कि पिछले 5 साल में सरकार के साथ 50 से अधिक बैठकें हो चुकी हैं। इसके बावजूद 2 सितंबर को स्वास्थ्य मंत्री के साथ हुई हालिया बैठक में कच्चे कर्मचारियों के वेतन में मामूली वृद्धि का भी कोई आश्वासन नहीं दिया गया। आरोप है कि जायज मांगों को हल करने के बजाय काम बंद होने का बहाना बनाकर कर्मचारियों को नौकरी से निकालने की धमकियां दी गईं, जो सरकार के कर्मचारी विरोधी और तानाशाही रवैये को दर्शाता है। सैलरी न बढ़ाई तो संघर्ष तेज किया जाएगा
नेताओं ने स्पष्ट किया कि स्वास्थ्य सेवाओं और सामाजिक जिम्मेदारी को ध्यान में रखते हुए कर्मचारियों ने 3 सितंबर को अपनी काम बंद हड़ताल वापस ले ली थी और काम पर लौट आए थे। हालांकि, सरकार के अड़ियल रवैये के विरोध में अब 8 सितंबर को पूरे पंजाब के NHM कर्मचारी सामूहिक छुट्टी पर रहेंगे। यूनियन ने चेतावनी दी है कि यदि सरकार ने कच्चे कर्मचारियों के लिए जीवन-यापन योग्य सम्मानजनक वेतन वृद्धि की लिखित घोषणा नहीं की, तो संघर्ष को और तेज किया जाएगा। करीब 5 हजार कर्मचारी पटियाला पहुंचेंगे
जिला जालंधर की NHM हेड डॉ. पंखुड़ी और यूनियन की प्रदेश अध्यक्ष संदीप कौर बरनाला ने कहा कि स्वास्थ्य मंत्री के साथ बार-बार बातचीत के बावजूद कोई सकारात्मक प्रतिक्रिया नहीं मिली। स्वास्थ्य मंत्री की ओर से यूनियन नेताओं और NHM कर्मचारियों को नौकरी से बर्खास्त करने तथा आउटसोर्स स्टाफ रखने की धमकियां दी गईं। उन्होंने कहा कि मंत्री के इस रवैये के खिलाफ कर्मचारियों में भारी रोष है। संदीप कौर बरनाला ने कहा कि इसी रोष के तहत 8 सितंबर को पटियाला में स्वास्थ्य मंत्री के आवास पर राज्य स्तरीय महा रैली की जाएगी। उन्होंने दावा किया कि पंजाब भर से करीब 5 हजार NHM कर्मचारी इसमें शामिल होंगे। सेहत मंत्री के घर के नजदीक पुड्डा ग्राउंड में होगा धरना
कर्मचारियों की ओर से स्वास्थ्य मंत्री के घर के नजदीक पुड्डा ग्राउंड में विशाल धरना दिया जाएगा। इसके बाद मार्च करते हुए स्वास्थ्य मंत्री के आवास का घेराव किया जाएगा। यूनियन के महासचिव राम सिंह कपूरथला और अमनदीप सिंह पटियाला ने कहा कि सरकार को NHM कर्मचारियों की मांगों पर सहानुभूति से विचार करना चाहिए। उन्होंने कहा कि कर्मचारी कम वेतन पर स्वास्थ्य जैसी जरूरी सेवाएं दे रहे हैं और सरकार के प्रति कर्मचारियों का रोष लगातार बढ़ रहा है।