Tuesday, 22 September 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

नर्मदापुरम जिले में 58 बॉन्ड डॉक्टरों की नियुक्ति:PHC-CHC में डॉक्टरों की कमी होगी पूरी, जिले में अब 200 डॉक्टर हो जाएंगे

INT News22 September 2026 at 08:55 am

नर्मदापुरम जिला अस्पताल के साथ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों (PHC) में डॉक्टरों की कमी जल्द कम होगी। जिले में 58 बॉन्ड डॉक्टरों की पोस्टिंग की गई है। ये डॉक्टर करीब एक साल तक जिले के सरकारी अस्पतालों में सेवाएं देंगे। फिलहाल सीएमएचओ कार्यालय में इनकी जॉइनिंग प्रक्रिया चल रही है। सभी डॉक्टरों को 25 सितंबर तक जॉइनिंग लेनी होगी। सीएमएचओ डॉ. नरसिंह गहलोत ने बताया कि अब तक 58 में से 30 डॉक्टर जॉइन कर चुके हैं। बाकी डॉक्टर भी रोजाना सीएमएचओ कार्यालय पहुंचकर जॉइनिंग ले रहे हैं। इन्हें जिला अस्पताल, सिविल अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में जरूरत के हिसाब से पदस्थ किया जा रहा है। एमबीबीएस डॉक्टर, ग्रामीण क्षेत्र में एक साल सेवा जरूरी सीएमएचओ ने बताया कि सभी बॉन्ड डॉक्टर एमबीबीएस हैं। एमबीबीएस में एडमिशन के दौरान एक साल ग्रामीण क्षेत्र में सेवा देने की शर्त होती है। डिग्री पूरी होने के बाद इसी बॉन्ड के तहत इन डॉक्टरों को सरकारी अस्पतालों में पदस्थ किया जा रहा है। इन डॉक्टरों को नियमानुसार मरीजों की जांच, उपचार और जरूरी दवाइयां लिखने की अनुमति रहेगी। उन्हें स्वास्थ्य विभाग के निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार सेवाएं देनी होंगी। जिले में डॉक्टरों की संख्या करीब 200 होगी डॉ. गहलोत के अनुसार, जिले के सरकारी अस्पतालों में फिलहाल 114 डॉक्टर कार्यरत हैं। पिछले महीने 27 नए डॉक्टरों ने जॉइन किया था। अब 58 बॉन्ड डॉक्टरों की जॉइनिंग हो रही है। सभी डॉक्टरों की जॉइनिंग पूरी होने के बाद जिले में सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं में डॉक्टरों की संख्या करीब 200 हो जाएगी। इससे खासकर ग्रामीण क्षेत्रों के प्राथमिक और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में मरीजों को इलाज की सुविधा मिलने में मदद मिलेगी।