Tuesday, 18 August 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

सीहोर में पुलिस ने पकड़ा अंतरजिला जेबकतरा गिरोह:कुबेरेश्वर धाम से चोरी करने वाले 6 आरोपी गिरफ्तार, दो नाबालिग भी शामिल

INT News18 August 2026 at 06:44 pm

सीहोर पुलिस ने प्रसिद्ध कुबेरेश्वर धाम में श्रद्धालुओं के मोबाइल, पर्स और अन्य सामान चोरी करने वाले अंतरजिला गिरोह का भंडाफोड़ किया है। मंडी थाना पुलिस ने सादे कपड़ों में श्रद्धालु बनकर भीड़ के बीच निगरानी की और गिरोह के छह सदस्यों को गिरफ्तार किया। इनमें दो नाबालिग भी शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी के दो स्मार्टफोन और वारदात में इस्तेमाल करीब 14 लाख रुपए कीमत की किया कैरेंस कार जब्त की है। लगातार मिल रही थीं चोरी की शिकायतें कुबेरेश्वर धाम में दर्शन के दौरान श्रद्धालुओं के मोबाइल और अन्य सामान चोरी होने की लगातार शिकायतें पुलिस को मिल रही थीं। शिकायतों के आधार पर मंडी थाना पुलिस ने धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामले दर्ज कर जांच शुरू की। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रशांत चौबे और सीएसपी अभिनंदना शर्मा के मार्गदर्शन में आरोपियों की तलाश के लिए विशेष टीम बनाई गई। पुलिस ने श्रद्धालु बनकर बिछाया जाल पुलिस टीम के जवान सादे कपड़ों में श्रद्धालु बनकर धाम परिसर के भीड़भाड़ वाले इलाकों में पहुंच गए। यहां संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी गई। निगरानी के दौरान पुलिस को कुछ लोगों पर शक हुआ, जिसके बाद टीम ने घेराबंदी कर छह आरोपियों को पकड़ लिया। बड़े धार्मिक आयोजनों में करते थे चोरी पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे निजी चारपहिया वाहन से बड़े धार्मिक मेलों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर जाते थे। भीड़ में शामिल होकर संगठित तरीके से श्रद्धालुओं के मोबाइल, पर्स और सोने की चेन चोरी करते थे। पुलिस अब गिरोह द्वारा की गई अन्य वारदातों के बारे में भी जानकारी जुटा रही है। चार आरोपी अलग-अलग जिलों के पुलिस के अनुसार गिरफ्तार वयस्क आरोपियों में अशोक शिंदे (35), विशाल नायक (26) और फरहान अली (22) सेंधवा, जिला बड़वानी के निवासी हैं। वहीं तालिब पठान (21) भीकनगांव, जिला खरगोन का रहने वाला है। इनके साथ दो नाबालिगों को भी हिरासत में लिया गया है। नाबालिगों को रखते थे साथ पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरोह में शामिल नाबालिगों का इस्तेमाल लोगों का ध्यान भटकाने और खुद पर शक न होने देने के लिए किया जाता था। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों और पूर्व में की गई चोरी की वारदातों के बारे में पूछताछ कर रही है। मुख्य आरोपी पर कई मामले दर्ज जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी अशोक शिंदे के खिलाफ मध्यप्रदेश और महाराष्ट्र के अलग-अलग थानों में लूट, मारपीट, चोरी और एससी-एसटी एक्ट सहित कई मामले दर्ज हैं। वहीं विशाल नायक के खिलाफ बड़वानी में जुआ एक्ट का मामला दर्ज बताया गया है। दो मोबाइल और कार जब्त पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ओप्पो और रियलमी कंपनी के दो स्मार्टफोन बरामद किए हैं। इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल की जा रही करीब 14 लाख रुपए कीमत की किया कैरेंस कार भी जब्त की गई है। पुलिस गिरोह से पूछताछ कर रही है और अन्य घटनाओं में उनकी भूमिका की जांच जारी है।