समाचार · छत्तीसगढ़
शराब दुकान के 20 लाख लेकर फरार सुपरवाइजर गिरफ्तार:नागपुर में ससुराल से पकड़ाया, कोर्ट ने पुलिस रिमांड पर भेजा; रकम अब भी गायब
बलौदाबाजार के गिधपुरी की सरकारी शराब दुकान से 20 लाख 46 हजार 730 रुपए लेकर फरार हुए सुपरवाइजर गेवेंद्र बंजारे को पुलिस ने नागपुर से गिरफ्तार कर लिया है। क्राइम ब्रांच और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने उसे उसके ससुराल से पकड़ा। रविवार को उसे बलौदाबाजार लाकर कोर्ट में पेश किया गया, जहां से एक दिन की पुलिस रिमांड मिली है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। हालांकि, अब तक उससे रकम बरामद नहीं हुई है। जानकारी के मुताबिक, पलारी के वार्ड नंबर 12 के गेवेंद्र बंजारे को शराब दुकान में नौकरी करते हुए करीब दो महीने ही हुए थे। वह पलारी भाजपा युवा मोर्चा का मंडल उपाध्यक्ष भी बताया जा रहा है। आरोप है कि 12 नवंबर को उसने दुकान की चाबी दूसरे कर्मचारी को दी और शाम को सेल्समैन को भेजने के बाद मोबाइल बंद कर फरार हो गया। वह 11 और 12 नवंबर की बिक्री की रकम लेकर गया था। बिक्री की रकम और बैंक में जमा पैसों में मिला अंतर शराब दुकान की बिक्री और बैंक में जमा रकम का मिलान किया गया तो बड़ा अंतर सामने आया। कंपनी के अधिकारियों ने सुपरवाइजर से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन उसका मोबाइल बंद मिला। इसके बाद कंपनी ने बिक्री का रिकॉर्ड जांचा। जांच में 1 से 13 नवंबर तक की बिक्री में कुल 20 लाख 46 हजार 730 रुपए की गड़बड़ी मिली। इसमें देशी शराब की बिक्री के 10 लाख 53 हजार 310 रुपए, विदेशी शराब के 7 लाख 65 हजार 270 रुपए और विदेशी मदिरा की एमआरपी बिक्री के 2 लाख 28 हजार 150 रुपए शामिल हैं। कंपनी की शिकायत पर दर्ज हुआ केस कंपनी के जिला समन्वयक रजनीश प्रसाद साहू ने 16 नवंबर को गिधपुरी थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस ने गेवेंद्र बंजारे के खिलाफ धारा 316(5) के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू की। थाना प्रभारी हेमंत साहू के मुताबिक, आरोपी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया है। उसे एक दिन की पुलिस रिमांड मिली है। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। पुलिस अब रकम बरामद करने की कोशिश कर रही है। ……………………….. इससे जुड़ी ये खबर भी पढ़ें… भाजयुमो उपाध्यक्ष के जिम्मे थी दुकान,20.46 लाख लेकर फरार:गिधपुरी थाने में FIR दर्ज, दो महीने पहले ही शराब-दुकान का सुपरवाइजर बना था आरोपी बलौदाबाजार के सरकारी शराब दुकान की बिक्री के लाखों रुपए का हिसाब नहीं मिलने का मामला सामने आया है। गिधपुरी स्थित शासकीय देशी-विदेशी मदिरा कम्पोजिट दुकान के सुपरवाइजर गेवेंद्र बंजारे पर 20 लाख 46 हजार 730 रुपए की बिक्री राशि का हिसाब नहीं देने का आरोप है। पढ़ें पूरी खबर…