national · Manipur
मणिपुर टू अफ्रीका: न खाना, न आराम... 101 घंटे की उड़ान, 5700 KM दूर जा पहुंचा नन्हा पक्षी

Manipur Amur Falcon News: महज 150 ग्राम वजन वाला एक छोटा-सा परिंदा अपनी उड़ान से दुनिया को हैरान कर रहा है. मणिपुर से अफ्रीका तक करीब 5,700 किलोमीटर की दूरी इस पक्षी ने बिना रुके महज 101 घंटे यानी करीब चार दिन और पांच घंटे तक उड़ान भरी. न खाने के लिए कहीं ठहराव और न ही आराम के लिए कोई पड़ाव. अमूर फाल्कन नाम की इस प्रवासी चिड़िया की अद्भुत उड़ान ने एक बार फिर प्रकृति की ताकत और जीव-जंतुओं की असाधारण क्षमता को सामने ला दिया है.
एक और साथी भी कर रहा कमाल, 95 घंटे में तय किए 4,100 KM
अलांग अकेला ऐसा पक्षी नहीं है, जिसकी यात्रा वैज्ञानिकों के लिए आकर्षण का विषय बनी हुई है. उसका साथी 'अपापांग' नाम का एक वयस्क नर अमूर फाल्कन भी प्रवास पर निकला है. उसने 95 घंटे में करीब 4,100 किलोमीटर की दूरी तय की है. उपलब्ध ट्रैकिंग अपडेट के मुताबिक, वह अरब सागर के ऊपर अपनी यात्रा जारी रखे हुए था.
मणिपुर के तामेंगलोंग से शुरू हुआ सफर, 25 दिन तक किया आराम
इन दोनों पक्षियों ने अपनी लंबी यात्रा की शुरुआत मणिपुर के तामेंगलोंग जिले में स्थित एक विश्राम स्थल से की थी. समुद्र के ऊपर हजारों किलोमीटर की चुनौतीपूर्ण उड़ान शुरू करने से पहले दोनों ने यहां करीब 25 दिन बिताए. इस दौरान उन्होंने पर्याप्त भोजन किया और आराम भी किया, ताकि लंबी समुद्री उड़ान के लिए ऊर्जा जुटा सकें.
अरब सागर पार करना सबसे बड़ी चुनौती, नहीं मिलता रुकने का मौका
अमूर फाल्कन की प्रवास यात्रा में अरब सागर को पार करना सबसे चुनौतीपूर्ण चरणों में से एक है. समुद्र के ऊपर हजारों किलोमीटर तक उड़ान भरते समय इन पक्षियों को आराम करने या भोजन के लिए जमीन पर उतरने का मौका नहीं मिलता. यही वजह है कि अलांग की 101 घंटे की लगातार उड़ान वैज्ञानिकों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है.
सैटेलाइट ट्रांसमीटर से हुई पक्षियों की ऐतिहासिक उड़ान की निगरानी
इस पूरी यात्रा पर वैज्ञानिकों की नजर सैटेलाइट ट्रैकिंग तकनीक के जरिये बनी हुई थी. नवंबर 2025 में भारतीय वन्यजीव संस्थान (WII) के वैज्ञानिकों ने मणिपुर अमूर फाल्कन ट्रैकिंग प्रोजेक्ट के तहत अलांग और अपापांग समेत पक्षियों पर हल्के सैटेलाइट ट्रांसमीटर लगाए थे. इन उपकरणों की मदद से वैज्ञानिक उनकी लोकेशन, उड़ान की अवधि और प्रवास के रास्तों का पता लगा रहे हैं.
मणिपुर और नागालैंड क्यों हैं अमूर फाल्कन के लिए खास?
पूर्वोत्तर भारत अमूर फाल्कन के प्रवास का बेहद महत्वपूर्ण पड़ाव है. हर साल बड़ी संख्या में ये पक्षी मणिपुर और नागालैंड पहुंचते हैं. यहां इन्हें पर्याप्त मात्रा में कीड़े-मकोड़े और दीमक मिलते हैं. लंबी समुद्री उड़ान से पहले ये पक्षी भोजन करके अपने शरीर में ऊर्जा जमा करते हैं. यही ऊर्जा उन्हें हजारों किलोमीटर की यात्रा पूरी करने में मदद करती है.
ये भी पढ़ें: गुजरात: कच्छ घूमने गया था भुज में तैनात जवानों का परिवार, सड़क हादसे में 3 मासूमों समेत 7 की मौत