Saturday, 29 August 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · झारखंड

गिद्दी में दो जंगली हाथियों की दस्तक, पुलिस ने लाउडस्पीकर से लोगों को किया सतर्क

INT News28 August 2026 at 10:12 pm

गिद्दी से अजय कुमार व रंजीत सिंह की रिपोर्ट.

गिद्दी. गिद्दी परियोजना क्षेत्र में शुक्रवार की रात दो जंगली हाथियों के पहुंचने से मजदूरों और आसपास के लोगों में दहशत है. दोनों हाथियों के पहुंचने की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम गिद्दी पहुंच गयी. पुलिस-प्रशासन भी अलर्ट हो गया है. पुलिस लाउडस्पीकर के माध्यम से लोगों को लगातार सतर्क कर रही है.

जानकारी के अनुसार, भुरकुंडा क्षेत्र से दो जंगली हाथी रात करीब आठ बजे गिद्दी परियोजना के मैगजीन के पास पहुंचे. इसकी जानकारी मिलते ही लोगों ने वन विभाग, पुलिस-प्रशासन और परियोजना प्रबंधन को सूचना दी. स्थानीय लोगों ने मैगजीन के पास दोनों हाथियों को घूमते हुए देखा. कुछ लोगों के अनुसार, दोनों हाथी पोटममोढ़ा जंगल की ओर बढ़ रहे थे.

हाथियों के पास नहीं जाने की अपील

गिद्दी पुलिस ने लोगों से हाथियों के पास नहीं जाने की अपील की है. पुलिस ने कहा है कि हाथियों को देखने के लिए भीड़ न लगायें और उन्हें किसी भी तरह परेशान करने की कोशिश न करें. खासकर रात के समय लोगों को घरों से बाहर नहीं निकलने और हाथियों के संभावित रास्ते पर जाने से बचने को कहा गया है.

वन विभाग की टीम हाथियों की गतिविधियों पर नजर रख रही है. स्थानीय लोग भी सतर्क हो गये हैं. वन विभाग के पदाधिकारी बटेश्वर पासवान ने कहा कि वन विभाग की टीम गिद्दी पहुंच गयी है. हाथियों को सुरक्षित तरीके से आबादी वाले क्षेत्र से बाहर निकालने का प्रयास किया जा रहा है.