समाचार · मध्य प्रदेश
नाबालिग लड़की को बेचने वाला एक साल बाद गिरफ्तार:शिवपुरी जिले का रहने वाला, उमरिया में पुलिस ने भेजा जेल
उमरिया जिले में मानव तस्करी के मामले में एक साल से फरार चल रहे 5 हजार रुपए के इनामी आरोपी को पुलिस ने दबोच लिया है। यह कार्रवाई इंदवार थाने की अमरपुर चौकी पुलिस ने की है। पकड़ा गया आरोपी शिवपुरी जिले का रहने वाला कंवर लाल सिंह परिहार है, जिसने एक साल पहले पैसे देकर एक नाबालिग लड़की को बेचा था। हालांकि, उसने लड़की को कितने रुपए में खरीदा था, इसका खुलासा पुलिस ने अभी नहीं किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी कंवर लाल सिंह के खिलाफ अमरपुर चौकी में मानव तस्करी, पॉक्सो एक्ट और एससी/एसटी एक्ट जैसी कई गंभीर धाराओं में मामला दर्ज था। केस दर्ज होते ही आरोपी फरार हो गया था और लगातार पुलिस को चकमा दे रहा था। एसपी ने रखा था 5 हजार का इनाम आरोपी की गिरफ्तारी के लिए उमरिया एसपी ने 5 हजार रुपए का इनाम घोषित किया था। अमरपुर पुलिस टीम साइबर सेल और तकनीकी मदद से उसके हर संभावित ठिकाने पर नजर बनाए हुए थी। आखिरकार गुप्त सूचना मिलते ही पुलिस ने तुरंत घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। चार आरोपी पहले ही जा चुके हैं जेल अमरपुर चौकी प्रभारी अभिलाष सिंह ने बताया कि करीब एक साल पहले एक गिरोह ने क्षेत्र से एक नाबालिग को ले जाकर शिवपुरी में बेचा था। पुलिस की जांच में जब बेचने की बात सामने आई तो कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। कंवर लाल इस मामले में पांचवां आरोपी है। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है और मामले की जांच जारी है।