समाचार · पंजाब
बठिंडा में फल विक्रेता से लूट के 5 आरोपी गिरफ्तार:हथियारों के बल पर कैश व मोबाइल छीना, गूगल पे से भी ट्रांसफर कराए 12 हजार रुपए
बठिंडा में फल विक्रेता से लूटपाट के मामले में पुलिस ने 24 घंटे के भीतर पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों ने हथियारों के बल पर नकदी और मोबाइल फोन लूटा था, साथ ही गूगल पे के जरिए भी पैसे ट्रांसफर किए थे। कैनाल पुलिस ने यह कार्रवाई की। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुर्खपीर रोड निवासी अविनाश, संजय नगर निवासी राहुल, लाल सिंह बस्ती निवासी अमरजीत सिंह, संगुआना बस्ती निवासी रवि कुमार और सुर्खपीर रोड निवासी सरबजीत सिंह के रूप में हुई है। इस वारदात के बाद मंडी से जुड़े लोगों में रोष और डर का माहौल था। उन्होंने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने, साथ ही पटियाला फाटक और रेलवे लाइन के आसपास पुलिस गश्त बढ़ाने तथा पर्याप्त स्ट्रीट लाइट और सीसीटीवी कैमरे लगाने की मांग की थी। तेजधार हथियार दिखाकर मारने की दी धमकी पुलिस के अनुसार यह घटना सोमवार सुबह करीब 4:30 बजे हुई, जब शम्मी कुमार नामक फल विक्रेता अपनी स्कूटी पर संगुआना बस्ती से सब्जी मंडी जा रहे थे। पटियाला फाटक के पास दिल्ली और पटियाला रेलवे लाइन के बीच पांच युवकों ने उन्हें घेर लिया। आरोपियों ने सबसे पहले शम्मी कुमार की स्कूटी की चाबी निकाल ली। इसके बाद तेजधार हथियार दिखाकर उन्हें जान से मारने की धमकी दी। जेब से निकले आठा रुपए मोबाइल छीना पीड़ित के विरोध न करने पर आरोपियों ने उनकी जेब से 8 हजार रुपए कैश और मोबाइल फोन छीन लिया। बाद में, उन्होंने मोबाइल का पासवर्ड और गूगल पे की जानकारी हासिल कर खाते से करीब 12 हजार रुपये भी अपने खातों में ट्रांसफर कर लिए। वारदात की सूचना मिलते ही कैनाल पुलिस ने तुरंत जांच शुरू कर दी। पुलिस टीम ने तकनीकी जांच और अन्य सुरागों के आधार पर कार्रवाई करते हुए पांचों आरोपियों को 24 घंटे पूरे होने से पहले ही पकड़ लिया।