समाचार · मध्य प्रदेश
पन्ना में दुर्गा विसर्जन जुलूस में फायरिंग:युवक के सिर को छूकर निकली गोली, छर्रे लगने से दो लोग घायल
पन्ना जिले के अजयगढ़ क्षेत्र अंतर्गत सिंहपुर गांव में विजयादशमी के पावन पर्व पर निकाली जा रही मां दुर्गा की विसर्जन यात्रा के दौरान फायरिंग की गई। युवकों की टोली ढोल-नगाड़ों की थाप पर नाचते-गाते माता रानी को विदाई देने जा रही थी, तभी इस अचानक हुए जानलेवा हमले से मौके पर चीख-पुकार और भगदड़ मच गई। गोलीबारी में सुनील नाम का युवक मौत के मुंह से बेहद करीब से बच निकला। हमलावर की चलाई गोली सीधे सुनील के सिर को छूती हुई निकल गई। सुनील के अनुसार, अगर गोली जरा सी भी नीचे लगती तो मौके पर ही उसकी जान चली जाती। वहीं इस घटना में छर्रे लगने से सुरेंद्र नाम का एक अन्य युवक भी घायल हो गया। खून से लथपथ दोनों घायलों को तुरंत ग्रामीणों की मदद से अजयगढ़ के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां डॉक्टर की देखरेख में उनका इलाज चल रहा है। ग्रामीणों में फैला गुस्सा विजयादशमी जैसे बड़े त्यौहार के दिन सरेआम हुई वारदात के बाद से ही पूरे गांव में भारी गुस्सा और दहशत का माहौल है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत हरकत में आई और अस्पताल पहुंचकर घायलों के बयान दर्ज किए। पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी है और इलाके में शांति बनाए रखने के लिए जांच तेज कर दी है।