समाचार · मध्य प्रदेश
आगर-मालवा में श्मशान भूमि पर फायर स्टेशन का विरोध:नपा के सामने धरने पर बैठे भाजपा-कांग्रेस नेता; जगह बदलने की मांग पर अड़े
आगर-मालवा में मोतीसागर तालाब किनारे श्मशान भूमि पर फायर स्टेशन निर्माण का विरोध गरमा गया है। मंगलवार को भाजपा और कांग्रेस के स्थानीय नेता व पार्षद दलगत राजनीति से ऊपर उठकर एक मंच पर आए और नगर पालिका कार्यालय के सामने धरने पर बैठ गए। बच्चों के श्मशान स्थल के पास बन रहा फायर स्टेशन नाव घाट क्षेत्र में जिस स्थान पर फायर स्टेशन का निर्माण किया जा रहा है, उसके समीप गवली एवं माली समाज का श्मशान स्थल है। समाजजनों का कहना है कि इस जगह पर परंपरा अनुसार मृत बच्चों को दफनाया जाता है। श्मशान की पवित्रता और उपयोग प्रभावित होने की आशंका से समाज में भारी आक्रोश है। निरीक्षण के बाद भी काम जारी रहने से बढ़ा असंतोष मामले को लेकर पूर्व में प्रशासनिक अधिकारियों और भाजपा जिलाध्यक्ष ओम मालवीय व एसडीएम मिलिंद ढोके ने मौके का जायजा लिया था। इसके बावजूद निर्माण कार्य न रुकने पर मंगलवार को कांग्रेस जिलाध्यक्ष और भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष समेत दोनों दलों के पार्षद व नागरिक एकजुट होकर प्रदर्शन में उतर आए। मुख्य मार्ग पर अन्य जगह फायर स्टेशन बनाने की मांग प्रदर्शनकारियों और समाजजनों ने मांग की है कि फायर स्टेशन का निर्माण मुख्य मार्ग पर किसी अन्य उपयुक्त स्थान पर स्थानांतरित किया जाए। धरने पर बैठे नेताओं और नागरिकों ने चेतावनी दी है कि जब तक मांग पूरी नहीं होती, आंदोलन जारी रहेगा।