समाचार · मध्य प्रदेश
खड़ी बस से भिड़ंत, ट्रक चालक की मौत:पंचर बस का टायर बदला जा रहा था, यात्री बोले- ड्राइवर के मुंह से झाग निकल रहा था
मैहर जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र में शुक्रवार की शाम करीब साढ़े छह बजे सड़क हादसा हो गया। सीमेंट कारखाने से क्लिंकर भरकर उत्तर प्रदेश जा रहा एक अनियंत्रित ट्रक सड़क किनारे खड़ी बस से टकरा गया। हादसे में ट्रक चालक की मौत हो गई। मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के रायबरेली निवासी 33 वर्षीय नीरज सिंह के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, ट्रक सीमेंट कारखाने से क्लिंकर लेकर रायबरेली की तरफ जा रहा था। रामवन पथ गमन मार्ग पर उमरी पैला के पास अचानक चालक की तबीयत बिगड़ गई, जिससे वाहन पर से उसका नियंत्रण छूट गया और ट्रक सड़क किनारे खड़ी बस से सीधे जा टकराया। पंचर खड़ी बस से टकराया ट्रक हादसे की शिकार बनी बस चित्रकूट से आंखों का इलाज करवाकर लौट रहे यात्रियों को लेकर डिंडौरी की ओर जा रही थी। रास्ते में बस का पहिया पंचर हो जाने के कारण चालक गाड़ी को सड़क किनारे खड़ी कर पहिया बदलने का काम कर रहा था। उसी दौरान बेकाबू ट्रक आकर बस से भिड़ गया। चालक के मुंह से निकल रहा था झाग बस में सवार यात्री संजय साहू ने बताया कि हादसे के वक्त सभी यात्री सड़क किनारे बैठे थे। जब दुर्घटना के बाद उन्होंने जाकर देखा, तो ट्रक चालक के मुंह से झाग निकल रहा था। कयास लगाए जा रहे हैं कि गाड़ी चलाते समय चालक को दिल का दौरा पड़ा होगा, हालांकि मौत की असली वजह डॉक्टरी परीक्षण की रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो सकेगी। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।