समाचार · मध्य प्रदेश
इंदौा में बिना अनुमति चल रहे क्लिनिकों पर कार्रवाई:ओम साईं और संजीवनी क्लिनिक सील, नियमों की अनदेखी कर हो रहा था संचालन
आमजन की सुरक्षा और अवैध चिकित्सा गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने शनिवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए शहर के दो अवैध रूप से संचालित क्लिनिकों को सील कर दिया। सीएमएचओ डॉ. माधव हसानी के मार्गदर्शन एवं अध्यक्षता में अर्बन ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर डॉ. दिव्यानी अहरवाल ने पुलिस प्रशासन के सहयोग से यह कार्रवाई की। कार्रवाई के तहत ओम साईं क्लिनिक को सील किया गया, जिसका संचालन कमल गुर्जर द्वारा किया जा रहा था। जांच में पाया गया कि संचालक के पास इलेक्ट्रोहोम्योपैथी की डिग्री होने के बावजूद क्लिनिक में एलोपैथिक पद्धति से इलाज किया जा रहा था। दरअसल संचालक को 20 मई और 20 जून 2026 को क्लिनिक बंद करने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन चेतावनी के बावजूद संचालन जारी रखा गया। इसके बाद नियमानुसार क्लिनिक को सील कर दिया गया। इसी कड़ी में अभिषेक नगर, मूसाखेड़ी स्थित संजीवनी क्लिनिक पर भी कार्रवाई की गई। क्लिनिक संचालक दिनेश गुर्जर को पूर्व में बिना वैध चिकित्सकीय योग्यता और आवश्यक दस्तावेजों के संचालन के कारण क्लिनिक बंद करने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन निर्देशों की अनदेखी करते हुए क्लिनिक का संचालन जारी रखा गया। जनहित और कानूनी प्रावधानों के तहत पुलिस की मौजूदगी में क्लिनिक को सील कर दिया गया। सीएमएचओ ने बताया कि यह कार्रवाई नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने, अवैध चिकित्सा व्यवसाय पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने और भविष्य में इस तरह की अनियमितताओं को रोकने के उद्देश्य से की गई है। विभाग ने चेतावनी दी है कि बिना वैधानिक अनुमति और निर्धारित चिकित्सकीय पात्रता के चिकित्सा व्यवसाय संचालित करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।