Saturday, 8 August 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · पंजाब

गांव रंधावा मसंदा:पंचायत-नंबरदार के बीच बढ़ा विवाद, एडीसी को सौंपा ज्ञापन

INT News8 August 2026 at 05:54 am

| जालंधर गांव रंधावा मसंदा में विकास कार्यों में रुकावट, छप्पड़ के गंदे पानी की निकासी और भूमि अतिक्रमण के मुद्दों को लेकर पंचायत प्रतिनिधियों और नंबरदार जुगल किशोर के बीच विवाद गहरा गया है। बुधवार को गांव की सरपंच कमलजीत कौर की अगुवाई में पंच रणजीत कुमार, राजपाल, आशा रानी, मनदीप कौर, रानी और अन्य ग्रामीणों ने एडीसी अमनिंदर कौर को ज्ञापन सौंपा। शिकायत में नंबरदार पर विकास परियोजनाओं को बाधित करने और सरकारी कार्यों में अड़चन डालने के गंभीर आरोप लगाए गए हैं। दूसरी ओर, नंबरदार जुगल किशोर ने सभी आरोपों को सिरे से खारिज किया है। उन्होंने कहा कि मौजूदा पंचायत के कुछ सदस्य पुरानी निजी रंजिश के कारण उनकी सामाजिक साख को नुकसान पहुंचाने की नीयत से यह झूठा षड्यंत्र रच रहे हैं। कथित भूमि कब्जे के आरोप पर उन्होंने कहा कि उन्हें उस जमीन की कोई जानकारी तक नहीं है। पंचायत सबूत पेश करे। नंबरदार ने कहा कि यदि प्रशासनिक जांच में उनके खिलाफ एक भी आरोप सच साबित होता है, तो वह कानूनन हर सजा भुगतने को तैयार हैं।