सोनीपत महिला मर्डर केस, 2 आरोपी गिरफ्तार:लूट के बाद की हत्या, बाथरूम में मिला हाथ-पैर बंधा शव, घर में अकेली रहती थी

Spread the love

सोनीपत शहर के जटवाड़ा इलाके में अकेली रह रही 65 वर्षीय बुजुर्ग महिला संतोष की हत्या के मामले में पुलिस ने 5 दिन बाद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इस वारदात ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया था। महिला का शव घर के बाथरूम से संदिग्ध परिस्थितियों में मिला था। शव की हालत देखकर शुरुआती जांच में ही हत्या की आशंका जताई गई थी। अब पुलिस ने मामले में आरोपियों को काबू कर लिया है। हत्या वारदात को अंजाम देने वाले कोई और नहीं, बल्कि गांव के रहने वाले दो युवक हैं। गांव के दो युवकों ने सोने के गहने चोरी करके हत्या वारदात को अंजाम दिया था। घर में कैश होने की संभावना को लेकर भी आरोपियों ने वारदात को अंजाम देने के लिए प्लानिंग बनाई थी। पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जानकारी का खुलासा करने के लिए शुक्रवार दोपहर 1 बजे पुलिस उपायुक्त पश्चिमी जोन कुशल पाल सिंह की अध्यक्षता में मिनी सचिवालय, सोनीपत स्थित कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की जाएगी। बाथरूम में मिला था महिला का शव 24 मई को जटवाड़ा स्थित गवर्नमेंट स्कूल के सामने गली में रहने वाली संतोष का शव उनके घर के बाथरूम में पड़ा मिला था। महिला घर में अकेली रहती थी। पड़ोसियों के अनुसार, जब काफी समय तक वह घर से बाहर दिखाई नहीं दी तो आसपास के लोगों को शक हुआ। इसके बाद पड़ोसी हालचाल जानने के लिए घर पहुंचे। घर का दरवाजा खुला हुआ था। अंदर जाकर देखा तो बाथरूम में महिला का शव पड़ा मिला। हाथ-पैर बंधे मिले, मुंह में ठूंसा था कपड़ा घटनास्थल का दृश्य बेहद भयावह था। महिला के दोनों हाथ और दोनों पैर चुन्नी से बंधे हुए थे, जबकि मुंह में कपड़ा ठूंसा गया था। शव की स्थिति को देखकर साफ अंदेशा लगाया गया कि महिला की हत्या करने के बाद शव को बाथरूम में डाल दिया गया। पुलिस ने मौके से कई अहम सुराग जुटाए और पूरे घर की बारीकी से जांच शुरू की। घर का गेट खुला था, कमरे में चल रहा था एसी पुलिस जांच में सामने आया कि घर का मुख्य गेट खुला हुआ मिला। वहीं कमरे में एसी भी चल रहा था। महिला का मोबाइल फोन और अन्य सामान घर में ही रखा हुआ था। ऐसे में शुरुआती जांच के दौरान हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी थी। पुलिस ने लूट, रंजिश और अन्य एंगल को ध्यान में रखकर जांच आगे बढ़ाई। पति की 12 साल पहले हो चुकी मौत जानकारी के अनुसार, संतोष के पति पहलवान आनंद की करीब 12 साल पहले मौत हो चुकी थी। दंपती की कोई संतान नहीं थी। बाद में उन्होंने एक बेटी को गोद लिया था, जिसकी शादी कर दी गई थी। इसके बाद से महिला घर में अकेली ही रह रही थी। इलाके में वह लंबे समय से परिचित चेहरा थीं। एफएसएल टीम ने जुटाए थे साक्ष्य घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस मौके पर पहुंची थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम को भी बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से कई महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए थे। इसके बाद पुलिस ने शिकायत के आधार पर हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। सीसीटीवी फुटेज खंगालकर आरोपियों तक पहुंची पुलिस मामले की जांच के दौरान पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। तकनीकी जांच और पूछताछ के आधार पर पुलिस आखिरकार आरोपियों तक पहुंचने में सफल रही। अब पुलिस प्रेस कॉन्फ्रेंस में आरोपियों की पहचान, हत्या की वजह और पूरे घटनाक्रम का खुलासा करेगी।