कैथल में 50 हजार रिश्वत लेते HSVP कर्मचारी गिरफ्तार:वीटा बूथ की परमिशन के लिए मांगे थे ₹60 हजार; ACB ने ऑफिस से पकड़ा

Spread the love

कैथल में एसीबी की टीम ने हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (HSVP) कार्यालय में छापेमारी कर एक कर्मचारी को 50 हजार रुपए रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान संजय कुमार के रूप में हुई है। कार्रवाई ड्यूटी मजिस्ट्रेट गुरविंदर सिंह की मौजूदगी में की गई। चीका निवासी तिलक राम ने एसीबी को दी शिकायत में बताया कि वह वीटा बूथ की परमिशन लेना चाहता था। आरोप है कि इस कार्य को करवाने के बदले एचएसवीपी कार्यालय में कार्यरत कर्मचारी संजय कुमार ने उससे 60 हजार रुपए रिश्वत की मांग की थी। बाद में दोनों के बीच 50 हजार रुपए में सौदा तय हो गया। रिकॉर्डिंग की पुष्टि होने पर एसीबी ने बनाया प्लान शिकायतकर्ता ने मामले की जानकारी विजिलेंस के सहयोगी रविंद्र जंगी को दी। इसके बाद एसीबी ने शिकायत की जांच शुरू की। जांच के दौरान शिकायतकर्ता और आरोपी के बीच हुई बातचीत की कई बार रिकॉर्डिंग करवाई गई। रिकॉर्डिंग में रिश्वत मांगने के आरोपों की पुष्टि होने पर एसीबी ने आरोपी को पकड़ने की योजना तैयार की। टीम ने 50 हजार रिश्वत लेते गिरफ्तार किया योजना के तहत शिकायतकर्ता को 50 हजार रुपए देकर एचएसवीपी कार्यालय भेजा गया। जैसे ही आरोपी संजय कुमार ने रिश्वत की राशि ली, पहले से निगरानी कर रही एसीबी फतेहाबाद की टीम ने कार्यालय में छापा मारकर उसे रंगे हाथ काबू कर लिया। ड्यूटी मजिस्ट्रेट इरिगेशन विभाग के कार्यकारी अधिकारी गुरविंदर सिंह की मौजूदगी में पूरी कार्रवाई की गई और रिश्वत की रकम भी बरामद कर ली गई। आरोपी पर केस दर्ज, पूछताछ कर रही पुलिस एसीबी अधिकारियों ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत केस दर्ज कर लिया है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इस मामले में किसी अन्य अधिकारी या कर्मचारी की भूमिका तो नहीं है।