करनाल में नेशनल हाइवे-709A पर मुंड और बाहरी गांव के बीच देर रात हुए सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई, जबकि तीसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा उस समय हुआ जब तीनों युवक बाइक पर सवार होकर अपने गांव लौट रहे थे। पीछे से तेज रफ्तार गाड़ी ने टक्कर मार दी और ड्राइवर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस के मुताबिक, हादसा रात करीब साढ़े 12 बजे हुआ। बाहरी गांव का नवीन राणा अपने दोस्त राजेश और एक अन्य साथी के साथ बाइक पर सवार होकर गांव की ओर जा रहा था। इसी दौरान पीछे से आई एक गाड़ी ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। 2 की मौके पर मौत, एक गंभीर हादसे में बसी गांव के रहने वाले राजेश कुमार और बाहरी गांव के नवीन राणा की मौत हो गई। तीसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया और बाद में रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया गया। जहां उसका इलाज जारी है। टुल्लु पंप लेने आया था राजेश मृतक राजेश कुमार के बड़े भाई ने बताया कि 42 वर्षीय राजेश असंध में टुल्लु पंप लेने के लिए आया था और काम खत्म कर वापस घर जा रहा था। सुबह उन्हें उसके निधन की सूचना मिली। राजेश बिजली का काम करता था और अविवाहित था। टक्कर मारकर फरार हुआ ड्राइवर परिजनों के अनुसार, बाइक को पीछे से जीप ने टक्कर मारी थी। हादसे के बाद गाड़ी ड्राइवर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है और फरार ड्राइवर की तलाश शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे जांच अधिकारी राजेश कुमार ने बताया कि हादसे में दो लोगों की मौत हुई है, जबकि एक पीजीआई में भर्ती है। आरोपी मौके से फरार हो गया था। शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इसके साथ ही पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।
करनाल में सड़क हादसे में 2 युवकों की मौत:तीसरा गंभीर, पीछे से गाड़ी ने मारी टक्कर; रात को घर लौट रहे थे
