नूंह जिले के बिछोर थाना क्षेत्र के गांव नई में शुक्रवार को फेसबुक पर शुरू हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट और पथराव हुआ, जिसमें कई लोग घायल हो गए। ग्रामीणों के अनुसार, गांव के रेशम पक्ष और मगरू पक्ष के बीच पिछले तीन दिनों से फेसबुक पर की गई एक पोस्ट और टिप्पणी को लेकर तनाव चल रहा था। सोशल मीडिया पर शुरू हुई यह बहस शुक्रवार को अचानक उग्र हो गई। दोनों पक्षों के युवक आए आमने-सामने दोनों पक्षों के युवक गांव में आमने-सामने आ गए। पहले लाठी-डंडे चले और फिर छतों से एक-दूसरे पर पत्थर फेंके गए। इस घटना से पूरे गांव में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया। पथराव और मारपीट में दोनों पक्षों के कई लोग घायल हुए हैं। कुछ घायलों को सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आई हैं। घटना के बाद महिलाएं और बच्चे डर के कारण घरों में छिप गए। पुलिस ने गांव पहुंचकर की स्थिति नियंत्रित सूचना मिलते ही बिछोर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। गांव में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है ताकि कोई और अप्रिय घटना न हो। घायलों को उपचार के लिए नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। थाना बिछोर प्रभारी सुखबीर ने बताया कि गांव में फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और शांति बनी हुई है। पुलिस को शिकायत मिली है, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
नूंह में दो पक्षों में विवाद, एक-दूसरे पर पथराव:दोनों पक्षों के युवकों में मारपीट, फेसबुक पर टिप्पणी को लेकर भड़का मामला
