जींद में लिव-इन में रह रहे युवक ने किया सुसाइड:महिला छोड़ कर ससुराल चली गई थी; भाई बोला- फर्जी पुलिस वाले से मिलकर पीटा

Spread the love

जींद की कृष्णा कॉलोनी में एक 30 वर्षीय युवक ने कथित तौर पर अपनी लिव-इन पार्टनर, उसके पति और एक अन्य व्यक्ति की प्रताड़ना व धमकियों से तंग आकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान प्रदीप के रूप में हुई है। पुलिस ने मृतक के भाई के बयान और मौके से मिले सुसाइड नोट के आधार पर तीन आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। लिव-इन पार्टनर बिना बताए लौटी ससुराल
जींद की कृष्णा कॉलोनी (नजदीक महादेव पेट्रोल पंप) में किराए पर रहने वाले और जूस की रेहड़ी लगाने वाले बलजीत ने बताया कि उनका छोटा भाई प्रदीप पिछले करीब डेढ़ साल से कृष्णा कॉलोनी में ही एक किराए के मकान में आशी नाम की महिला के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहा था। आशी के दो बच्चे हैं, जिनका पालन-पोषण प्रदीप ही कर रहा था। करीब 7-8 दिन पहले आशी बिना बताए प्रदीप को छोड़कर कैथल के गांव तारागढ़ स्थित अपनी ससुराल (पति राकेश के पास) चली गई। जब प्रदीप उसे वापस लेने तारागढ़ गया, तो वहां आशी और उसके पति राकेश ने प्रदीप के साथ बेरहमी से मारपीट की और उसे वहां से भगा दिया। नकली पुलिसकर्मी बनकर दी जान से मारने की धमकी
शिकायतकर्ता के मुताबिक, मारपीट की घटना के बाद आरोपियों का हौसला और बढ़ गया। दिनांक 25 मई 2026 को अजीत, आशी और उसके पति राकेश ने खुद को पुलिस ऑफिसर बताते हुए प्रदीप को फोन किया। आरोपियों ने उसे बुरी तरह डराया-धमकाया और जान से मारने की धमकी दी। इस झूठी कानूनी कार्रवाई और जान से मारने की धमकी के खौफ में आकर प्रदीप पूरी तरह टूट गया। इसी डर के कारण उसने 27 मई 2026 को अपने किराए के मकान में जहरीला पदार्थ खाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। मौके से सुसाइड नोट, मोबाइल और जहर के पाउच बरामद
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस और डॉ. धर्मेंद्र के नेतृत्व में सीन ऑफ क्राइम (SOC) की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। जांच के दौरान पुलिस को कमरे से एक कॉपी मिली, जिसमें प्रदीप द्वारा लिखा गया सुसाइड नोट मौजूद था। इसके अलावा पुलिस ने मौके से एक पेन, एक काले रंग का ओप्पो मोबाइल फोन, दो सीलबंद जहरीले पदार्थ के पैकेट, एक बेडशीट और जहर के चार खाली पाउच साक्ष्य के रूप में अपने कब्जे में ले लिए हैं।