Saturday, 4 July 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

पोस्टरों के जरिए बच्चों ने दिया साइबर सुरक्षा संदेश:विजेता सम्मानित; मंदसौर में सेफ क्लिक 2.0 अभियान में जागरूकता रथ रवाना

INT News4 July 2026 at 07:29 am

मंदसौर में साइबर अपराधों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से शुक्रवार को 'सेफ क्लिक 2.0' अभियान के तहत एक पोस्टर प्रतियोगिता आयोजित की गई। पुलिस कंट्रोल रूम में हुए इस आयोजन में शहर के विभिन्न विद्यालयों के लगभग 20 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। उन्होंने साइबर अपराधों से बचाव, सुरक्षित इंटरनेट उपयोग और डिजिटल सुरक्षा पर आकर्षक पोस्टर बनाकर जागरूकता का संदेश दिया। इसी कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक (एसपी) विनोद कुमार मीना ने साइबर सुरक्षा जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह रथ जिले के विभिन्न क्षेत्रों में जाकर लोगों को ऑनलाइन ठगी, साइबर फ्रॉड और डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूक करेगा। 4 वर्षीय गौरवी ने भी पार्टिसिपेट किया

पोस्टर प्रतियोगिता में 4 वर्षीय गौरवी भावसार ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी पेंटिंग के माध्यम से साइबर सुरक्षा का संदेश दिया। देर शाम तक चले इस कार्यक्रम में सभी प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र दिए गए। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को स्मृति चिन्ह और शील्ड देकर सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता में प्रतिभा राणा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। नयन पालीवाल और खुशी माली संयुक्त रूप से द्वितीय स्थान पर रहे, जबकि आर.एल. कर्णावत ने तृतीय स्थान हासिल किया। इन विजेता विद्यार्थियों को एसपी विनोद कुमार मीना ने पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र प्रदान किए। प्रसिद्ध आर्टिस्ट ने मूल्यांकन किया

कार्यक्रम में एडिशनल एसपी तेर सिंह बघेल, डीएसपी कीर्ति बघेल, शहर कोतवाली थाना प्रभारी पुष्पेंद्र राठौर, नई आबादी थाना प्रभारी कुलदीप सिंह राठौर, यशोधर्मन थाना प्रभारी शिवांशु मालवीय सहित कई पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। प्रसिद्ध आर्टिस्ट भावना लोहार ने प्रतियोगिता के मूल्यांकन में निर्णायक की भूमिका निभाई। एसपी विनोद कुमार मीना ने बताया कि मध्यप्रदेश पुलिस के 'सेफ क्लिक 2.0' अभियान का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों और आमजन में साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। इसका लक्ष्य ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव के उपाय बताना और डिजिटल माध्यमों का सुरक्षित व जिम्मेदारीपूर्ण उपयोग सुनिश्चित करना है। उन्होंने मोबाइल का इस्तेमाल करते समय सतर्कता बरतने की अपील भी की।