समाचार · पंजाब
लुधियाना के BRS नगर में वारदात:डॉक्टर के घर से नौकरानी ने की चोरी मामला दर्ज
लुधियाना सराभा नगर थाना के इलाके के पॉश इलाकों में से एक बीआरएस नगर में एक नौकरानी द्वारा डॉक्टर के घर से नकदी और मोबाइल फोन चोरी कर फरार होने का मामला सामने आया है। इस संबंधमें पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी लड़की के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सो रही थी डॉक्टर महिला, बेटा घर आया तो खुला राज मिली जानकारी के अनुसार बीआरएस नगर के मकान रहने वाली डॉ. हरमिंदर प्रभाकर ने पुलिस को दिए बयानों में बताया कि 2 जुलाई को वह अपने घर पर मौजूद थीं और सो रही थीं। इसी दौरान जब उनका बेटा गौतम घर वापस आया, तो उसकी आवाज से डॉ. हरमिंदर की आंख खुल गई। आवाज देने पर नहीं मिली नौकरानी, अलमारी से गायब थे पैसे शिकायतकर्ता महिला डॉक्टर के मुताबिक, जागने के बाद उन्होंने घर के कामकाज के लिए रखी हुई निशा नाम की लड़की को आवाज लगाई। जब निशा की तरफ से कोई जवाब नहीं मिला, तो उन्होंने घर के कमरों में उसकी तलाश की।
निशा न तो अपने कमरे में थी और न ही घर के किसी अन्य हिस्से में मौजूद थी। शक होने पर जब डॉक्टर महिला ने अपने कमरे की जांच की, तो वहां रखा उनका मोबाइल फोन गायब था। इसके बाद जब उन्होंने कमरे में मौजूद अलमारी को चेक किया, तो उनके होश उड़ गए। अलमारी के लॉकर में रखे 50,000 रुपये गायब थे। पुलिस ने मामला दर्ज कर शुरू की तलाश डॉ. हरमिंदर प्रभाकर ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उन्हें पूरा अंदेशा और शक है कि उनके घर में काम करने वाली लड़की निशा ही अलमारी से ₹50,000 की नकदी और उनका मोबाइल फोन चोरी करके फरार हुई है। इस शिकायत पर कार्रवाई करते हुए सराभा नगर थाने की पुलिस ने आरोपी लड़की निशा (पता अज्ञात) के खिलाफ BNS की धारा 306 (घरेलू नौकर/कर्मचारी द्वारा चोरी) के तहत केस दर्ज कर लिया है। मामले की आगामी तफ्तीश हेड कांस्टेबल (HC) सुखवीर पाल सिंह द्वारा अमल में लाई जा रही है और पुलिस आरोपी लड़की की तलाश में जुटी है।