समाचार · मध्य प्रदेश
बुरहानपुर से 191 बुजुर्ग वैष्णो देवी यात्रा पर रवाना:मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के तहत 8 जुलाई तक निःशुल्क दर्शन करेंगे
बुरहानपुर से 191 वरिष्ठ नागरिक मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के तहत माता वैष्णो देवी धाम की यात्रा पर रवाना हुए। शुक्रवार शाम बुरहानपुर रेलवे स्टेशन पर विधायक और पूर्व कैबिनेट मंत्री अर्चना चिटनिस ने ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर महापौर माधुरी पटेल सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने तीर्थयात्रियों का पुष्पमालाओं से स्वागत किया। रेलवे स्टेशन पर श्रद्धा और उत्साह का माहौल देखा गया। 'जय माता दी' के जयघोष के बीच श्रद्धालुओं के चेहरों पर माता वैष्णो देवी के दर्शन की खुशी स्पष्ट झलक रही थी। विधायक चिटनिस ने यात्रियों से संवाद करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना प्रदेश सरकार की एक संवेदनशील पहल है। उन्होंने बताया कि यह योजना वरिष्ठ नागरिकों की वर्षों पुरानी तीर्थ दर्शन की अभिलाषा को साकार कर रही है और यह बुजुर्गों के सम्मान तथा भावनाओं के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता का प्रतीक है। उन्होंने यह भी बताया कि भाजपा सरकार वरिष्ठ नागरिकों को निःशुल्क तीर्थ दर्शन की सुविधा उपलब्ध करा रही है। यह यात्रा 3 जुलाई से 8 जुलाई 2026 तक आयोजित होगी। जिला प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा, भोजन, आवास और चिकित्सा सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की हैं। इस अवसर पर जनपद पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि प्रदीप पाटिल, संभाजीराव सगरे, धनराज महाजन, आशीष शुक्ला, कीमत मतवानी, रूद्रेश्वर एंडोले, करण चौकसे सहित अन्य जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक और रेलवे अधिकारी मौजूद रहे।