समाचार · मध्य प्रदेश
8 महीने में युवक को 4 बार सांप ने डसा:सागर में तबीयत बिगड़ने पर अस्पताल लेकर पहुंचे परिजन, समय पर इलाज मिलने से बची जान
सागर जिले के बंडा में 18 वर्षीय युवक को बार-बार सांप डस रहा है। परिजन का दावा है कि पिछले 8 महीनों में 4 बार सांप युवक को डस चुका है। लेकिन खास बात यह भी है कि चारों बार उसकी जान बच गई। इसके पीछे कारण है कि परिवार के लोग झाड़-फूंक में नहीं फंसे और मरीज को सीधे अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां समय पर इलाज मिलने से उसकी जान बच गई। जानकारी के अनुसार, नमन पिता नारायण चौबे निवासी धुरमार कक्षा 12वीं की पढ़ाई कर रहा है। मंगलवार रात उसे घर में सांप ने डस लिया। कुछ समय बाद उसकी तबीयत बिगड़ने लगी। बुखार आने पर परिवार के लोग बंडा अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां भर्ती कराकर इलाज कराया। बंडा में हालत में सुधार नहीं होने पर जिला अस्पताल रैफर किया गया। अस्पताल में नमन का इलाज चल रहा है। पीड़ित के चाचा प्रभुदयाल चौबे ने बताया कि भतीजे नमन को करीब 8 महीने में चार बार सांप डस चुका है। बार-बार सांप के डसने के कारण पूरा परिवार दहशत में है। आखिर ऐसा क्यों हो रहा है किसी को नहीं पता। उन्होंने कहा कि सांप के डसने के बाद तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे तो चारों बार नमन की जान बच गई। पहली बार नवंबर 2025 में सांप ने डसा था पहली बार नवंबर 2025 में नमन को सांप ने डसा था। इलाज के बाद वह ठीक हो गया। इसके कुछ दिन बाद दिसंबर माह में दोबारा उसे सांप ने डसा। परिवार के लोग उसे अस्पताल लेकर पहुंचे और इलाज कराया। तीसरी बार जनवरी माह में और अब चौथी बार युवक को सांप ने डसा है। उन्होंने लोगों से अपील की कि सांप के डसने के बाद झाड़-फूंक व अंधविश्वास में न पड़े। अस्पताल पहुंचकर समय पर मरीज का इलाज कराएं। ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।