Monday, 17 August 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

बड़ामलहरा अनुविभाग में 3 सड़क हादसे, 5 घायल:छतरपुर में बस ने बाइक में टक्कर मारी; दूसरे हादसे में टीचर-छात्रा घायल

INT News17 August 2026 at 05:51 pm

छतरपुर जिले के बड़ामलहरा अनुविभाग में सोमवार को तीन अलग-अलग सड़क हादसे हुए। इन हादसों में कुल पांच लोग घायल हो गए, जिनमें से एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। गंभीर घायल को सागर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। पहला हादसा बमनौरा थाना क्षेत्र के बमनौरा-अबार माता मार्ग पर हलावनी गांव के पास सेवार तिगड्डा के नजदीक हुआ। यहां एक स्कूल बस ने सामने से आ रही बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक बस के नीचे जा घुसी और बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। इस दुर्घटना में बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने घायल को तुरंत शाहगढ़ प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे सागर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। दूसरा हादसा : बमनौरा थाना क्षेत्र में टीकमगढ़-सागर रोड पर गुलेरी के पास हुआ। इस घटना में एक बाइक और ऑटो के बीच टक्कर हो गई, जिससे एक शिक्षक और एक स्कूली छात्रा घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए घुवारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों घायलों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें पड़ोसी जिले टीकमगढ़ के अस्पताल रेफर कर दिया गया। इसी अनुविभाग के घुवारा में हुए तीसरे हादसे में दो बाइकों की आमने-सामने की भिड़ंत में दो बच्चियां घायल हुईं। बमनौरा थाना प्रभारी अभिषेक पांडे ने स्कूल बस हादसे के संबंध में बताया कि उन्हें घटना की जानकारी है, लेकिन अब तक इस मामले में कोई शिकायत या रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई गई है। शिकायत न मिलने के कारण पुलिस ने फिलहाल कोई कार्रवाई नहीं की है। थाना प्रभारी के मुताबिक, हादसे में घायल को स्थानीय लोग अस्पताल लेकर गए थे, इसलिए पुलिस के पास घायल की पहचान और उसकी वर्तमान स्थिति की जानकारी भी नहीं है। हादसे में शामिल स्कूल बस को भी अभी तक जब्त नहीं किया गया है। उन्होंने कहा कि यदि मामले में शिकायत या रिपोर्ट प्राप्त होती है तो पुलिस नियमानुसार कार्रवाई करेगी। घुवारा में दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत तीसरा हादसा घुवारा चौकी क्षेत्र में नगर परिषद के सामने घुवारा तिराहा पर हुआ। यहां दो बाइक आमने-सामने टकरा गईं। हादसे में बाइक पर सवार दो बच्चियां घायल हो गईं। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायल बच्चियों को घुवारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को घर भेज दिया गया। एक ही अनुविभाग में सामने आए तीन सड़क हादसों ने सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस द्वारा हादसों के कारणों की जांच की जा रही है।