national · पश्चिम बंगाल
कौशिकी अमावस्या से पहले तारापीठ के होटल में आग, 8 श्रद्धालुओं की मौत, पीएम-सीएम ने किया मुआवजे का ऐलान

Tarapith Hotel Fire Tragedy: कौशिकी अमावस्या से पहले सोमवार को पश्चिम बंगाल के प्रसिद्ध तीर्थस्थल तारापीठ में बड़ा हादसा हो गया. एक चार मंजिला होटल में सुबह-सुबह भीषण आग लग गयी, जिसमें 8 लोगों की मौत हो गयी. हादसे में घायल अन्य लोगों में से 1 मरीज अस्पताल में भर्ती है, जबकि 34 यात्रियों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गयी. घटना के समय होटल में कुल 43 लोग ठहरे थे.
बाथरूम की छत के रास्ते बाहर निकला एक परिवार
तड़के 4:30 बजे जब ज्यादातर श्रद्धालु सो रहे थे, तभी ग्राउंड फ्लोर पर रिसेप्शन के पास बिजली के उपकरण में चिंगारी उठने से आग लग गयी.
होटल में इस्तेमाल की गयी फाइबर और ज्वलनशील सजावटी सामग्री के कारण आग तेजी से फैला और धुआं ऊपरी मंजिलों तक फैल गया.
खिड़कियां नहीं होने और धुआं के कारण कई मेहमान कमरों में ही फंस गये. कोलकाता से आयी एक महिला ने बताया कि चारों तरफ घना धुआं फैलने से सांस लेना दूभर हो गया था.
तपनज्योति मंडल ने बताया कि वह अपनी पत्नी और बच्चों के साथ करीब 45 मिनट तक बिना खिड़की वाले कमरे में फंसे रहे. बाद में बाथरूम की छत के रास्ते बाहर निकल सके. मेरी मां बेहोश हो गयीं और बहन घायल हो गयीं.
तारापीठ के होटल में लगी आग में घायल हुए सभी लोगों को तत्काल रामपुरहाट सरकारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया.
ये भी पढ़ें: तारापीठ अग्निकांड : पीएम मोदी और शुभेंदु अधिकारी ने किया मुआवजे का ऐलान
पुलिस ने एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर शुरू की पूछताछ
अग्निशामक उपकरणों के रख-रखाव में लापरवाही के आरोप में पुलिस ने होटल से जुड़े एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. आगामी कौशिकी अमावस्या पर्व पर जुटने वाली भारी भीड़ को देखते हुए बीरभूम जिला प्रशासन ने तारापीठ के सभी होटलों, लॉज, गेस्ट हाउस और होम-स्टे में बिजली व्यवस्था व फायर सेफ्टी सिस्टम की विशेष जांच का निर्देश दिया है.
प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री ने किया मुआवजे का ऐलान
तारापीठ के होटल में हुए हादसे के मृतकों और घायलों के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पश्चिम बंगाल के चीफ मिनिस्टर शुभेंदु अधिकारी ने मुआवजे का ऐलान किया है. प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से मृतकों के निकट परिजनों को 2-2 लाख रुपए और घायलों को 50-50 हजार रुपए दिये जायेंगे. मुख्यमंत्री ने सभी मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपए की आर्थिक सहायता का ऐलान किया है.
ये भी पढ़ें: तारापीठ होटल अग्निकांड : पटना के तीन लोगों को किया गया रेस्क्यू, मेघालय के पांच और अलीपुरदुआर के चार की हुई मौत
ममता बनर्जी ने हादसे पर दुख व्यक्त किया
पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस (TMC) प्रमुख ममता बनर्जी ने इस हादसे पर शोक व्यक्त किया है. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा कि वह इस दर्दनाक हादसे से स्तब्ध हैं. उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं व घायलों के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना की.