Monday, 17 August 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · छत्तीसगढ़

शिक्षकों की कमी पर स्कूल में 5 घंटे तालाबंदी:धमतरी में बारिश में प्रदर्शन,DEO-BEO गो बैक के नारे,एक सप्ताह में व्यवस्था नहीं तो फिर तालाबंदी

INT News17 August 2026 at 06:48 pm

धमतरी जिले के बारना गांव स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में शिक्षकों की कमी को लेकर विद्यार्थियों और पालकों का गुस्सा फूट पड़ा। सोमवार को छात्र और पालक स्कूल में ताला लगाकर करीब 5 घंटे तक बारिश में प्रदर्शन करते रहे। छाता और रेनकोट लेकर स्कूल गेट के सामने बैठे प्रदर्शनकारियों ने शिक्षा मंत्री, जिला प्रशासन, डीईओ और बीईओ के खिलाफ नारेबाजी की। उनका कहना है कि लंबे समय से शिक्षकों की मांग की जा रही है, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ। 175 विद्यार्थियों पर सिर्फ 5 शिक्षक स्कूल में कक्षा 9वीं से 12वीं तक 175 विद्यार्थी पढ़ते हैं, लेकिन उनके लिए केवल पांच शिक्षक उपलब्ध हैं। विद्यार्थियों ने हिंदी, अंग्रेजी, रसायन विज्ञान, भूगोल और सामाजिक विज्ञान के विषयवार शिक्षकों की मांग की। बोर्ड कक्षाओं के छात्रों का कहना है कि शिक्षकों के अभाव में उनकी पढ़ाई प्रभावित हो रही है और खासकर रसायन विज्ञान जैसे विषयों में प्रैक्टिकल तक नहीं हो पा रहे हैं। छात्र बोले- मोबाइल से ही पढ़ना है तो स्कूल क्यों आएं प्रदर्शन कर रहे विद्यार्थियों ने कहा कि शिक्षक नहीं होने के कारण उन्हें यूट्यूब और मोबाइल से पढ़ाई करनी पड़ रही है। एक छात्र ने कहा कि "मोबाइल से पढ़ना है तो स्कूल क्यों आएं।" विद्यार्थियों का कहना है कि ऑनलाइन वीडियो से पढ़ाई करने पर विषयों को समझने में परेशानी होती है। उन्होंने कहा कि बारिश हो या तबीयत खराब हो, शिक्षक मिलने तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। दो साल पहले भी हुआ था प्रदर्शन पालकों ने बताया कि स्कूल में शिक्षकों की कमी की समस्या नई नहीं है। करीब दो साल पहले भी इसी मांग को लेकर प्रदर्शन हुआ था। उस समय तत्कालीन कलेक्टर ने डीएमएफ फंड से पांच शिक्षकों की व्यवस्था की थी। ये शिक्षक करीब दो साल तक स्कूल में रहे, लेकिन व्यवस्था खत्म होने के बाद फिर वही स्थिति बन गई। पालकों का दावा है कि उन्होंने डीईओ कार्यालय और जनदर्शन में तीन-तीन बार आवेदन दिया, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ। 5 शिक्षक चाहिए, नहीं तो फिर होगी तालाबंदी करीब पांच घंटे तक प्रदर्शन और बीईओ से चर्चा के बाद एक शिक्षक को तत्काल कार्यभार सौंपा गया। हालांकि पालकों का कहना है कि स्कूल को अभी चार और शिक्षकों की जरूरत है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि एक सप्ताह के भीतर शिक्षकों की व्यवस्था नहीं हुई तो दोबारा स्कूल में तालाबंदी की जाएगी। बीईओ बोले- एक सप्ताह में वैकल्पिक व्यवस्था का प्रयास खंड शिक्षा अधिकारी लीलाधर चौधरी ने बताया कि विद्यार्थियों ने मुख्य रूप से अंग्रेजी, रसायन विज्ञान और सामाजिक विज्ञान के शिक्षकों की मांग की है। शाला प्रबंधन समिति के माध्यम से सभी विषयों का अध्यापन कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि सामाजिक विज्ञान और हिंदी के लिए एक शिक्षक को तत्काल कार्यभार ग्रहण कराया गया है। अंग्रेजी और रसायन विज्ञान के शिक्षकों की मांग को लेकर जिला कार्यालय से चर्चा हुई है। बीईओ के मुताबिक, एक सप्ताह के भीतर वैकल्पिक व्यवस्था करने का प्रयास किया जा रहा है। शासन स्तर पर नियुक्ति, पदोन्नति या स्थानांतरण की प्रक्रिया होने पर बारना स्कूल में शिक्षकों की स्थायी व्यवस्था कराने का भी प्रयास किया जाएगा।