Monday, 17 August 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · बिहार

बिहार में अब जमीन-मकान की रजिस्ट्री ऑनलाइन होगी, घर बैठे बुक कर सकेंगे स्लॉट, प्रोसेस जानिए

INT News17 August 2026 at 06:45 pm

Bihar Land Registry New Rule : बिहार में जमीन और मकान की रजिस्ट्री कराने का तरीका अब बदलने जा रहा है. पूरे बिहार में भूमि निबंधन की प्रक्रिया पेपरलेस होगी. यानी रजिस्ट्री के लिए स्टांप पेपर पर डीड तैयार कराने और ढेर सारे कागज लेकर ऑफिस जाने की जरूरत नहीं होगी. दस्तावेज ऑनलाइन तैयार होंगे और रजिस्ट्री पूरी होने के बाद डिजिटल डीड पीडीएफ के रूप में मोबाइल, WhatsApp या ई-मेल पर मिल जाएगी.

पूरे बिहार में 17 अगस्त से लागू हुई नई व्यवस्था

निबंधन विभाग ने नई व्यवस्था लागू कर कर दी है. इसके लिए बिहार के भूमि निबंधन कार्यालयों से जुड़े अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ कातिब, स्टांप वेंडर और वकीलों को प्रशिक्षण दिया गया है. व्यवस्था ठीक से काम करे, इसके लिए मॉक ड्रिल भी की गई है. विभाग ने बताया कि आज यानी 17 अगस्त से जिले के सभी भूमि निबंधन कार्यालय पेपरलेस व्यवस्था के तहत काम करेंगे.

कातिब अब सर्विस प्रोवाइडर की तरह करेंगे मदद

नई व्यवस्था में कातिब की भूमिका भी बदल जाएगी. अब वे सिर्फ दस्तावेज लिखने वाले नहीं होंगे, बल्कि सर्विस प्रोवाइडर के रूप में क्रेता और विक्रेता की मदद करेंगे. कातिब दस्तावेज तैयार करने के साथ ऑनलाइन आवेदन और अपॉइंटमेंट लेने में भी सहायता करेंगे. दस्तावेज ऑनलाइन अपडेट होने के बाद क्रेता और विक्रेता घर से ही रजिस्ट्री के लिए स्लॉट बुक कर सकेंगे.

अंगुली और आंखों की होगी स्कैनिंग

रजिस्ट्री के दौरान खरीदने और बेचने वाले की अंगुलियों और आंखों की पुतलियों की स्कैनिंग की जाएगी. इसके बाद ई-सिग्नेचर समेत दूसरी डिजिटल प्रक्रिया पूरी होगी. तय समय के स्लॉट पर दोनों को रजिस्यट्री ऑफिस पहुंचकर अधिकारी के सामने अपनी सहमति की प्रक्रिया पूरी करनी होगी. जरूरत पड़ने पर ई-केवाईसी भी कराया जाएगा. रजिस्ट्री के समय आधार कार्ड के साथ एक दूसरा पहचान पत्र लाना जरूरी होगा.

मोबाइल पर मिलेगी जमीन की डिजिटल डीड

रजिस्ट्री पूरी होने के बाद जमीन या मकान की डिजिटल डीड पीडीएफ के रूप में उपलब्ध होगी. इसे मोबाइल, WhatsApp या ई-मेल के जरिए प्राप्त किया जा सकेगा. इससे कागज के दस्तावेज के खोने, फटने या खराब होने की चिंता कम होगी. हालांकि, गांवों में रहने वाले लोगों, बुजुर्गों और कम पढ़े-लिखे लोगों के लिए इस नई डिजिटल व्यवस्था को समझना एक चुनौती हो सकती है.

बिहार की ताजा खबरों के लिए क्लिक करें

कातिब को कितना मिलेगा पैसा

नई व्यवस्था में कातिब के लिए पारिश्रमिक भी तय किया गया है. एक लाख रुपये तक के दस्तावेज पर 1000 रुपये, एक लाख से ज्यादा और पांच लाख रुपये तक के दस्तावेज पर 2500 रुपये और पांच लाख रुपये या उससे अधिक के दस्तावेज पर 5000 रुपये मिलेंगे. दूसरे तरह के दस्तावेज लिखने के लिए 1000 रुपये मिलेंगे.

इसे भी पढ़ें: बैंक अकाउंट किराये पर देकर 25 करोड़ का लेन-देन, पटना साइबर पुलिस ने रैपिडो चालक समेत 3 को किया गिरफ्तार