sports
क्रिकेटर रमनदीप सिंह ने गुपचुप रचाई शादी? चार्ली चौहान संग वायरल हुईं तस्वीरें

Ramandeep Singh Marriage: भारतीय क्रिकेटर रमनदीप सिंह ने टीवी एक्ट्रेस चार्ली चौहान के साथ शादी कर ली है. दोनों ने एक प्राइवेट सेरेमनी में सात फेरे लिए, जिसकी तस्वीरें और वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं. रमनदीप और चार्ली की शादी की खबर सामने आते ही उनके फैंस के बीच हलचल मच गई है. खासतौर पर चार्ली चौहान के फैंस के लिए यह खबर काफी चौंकाने वाली मानी जा रही है, क्योंकि इससे पहले उनका नाम अभिनेता कुंवर अमर के साथ लंबे समय से जोड़ा जाता रहा है. शादी की सामने आई तस्वीरों में रमनदीप सिंह और चार्ली चौहान बेहद खूबसूरत नजर आ रहे हैं.
रमनदीप और चार्ली क्या पहने नजर आए
चार्ली ने अपनी शादी के खास मौके पर लाल रंग का खूबसूरत लहंगा पहना, जबकि रमनदीप गोल्डन रंग की शेरवानी में नजर आए. दोनों ने पारंपरिक अंदाज में शादी की और तस्वीरों में उनकी जोड़ी बेहद शानदार लग रही है.
अर्शदीप सिंह ने शेयर की शादी की तस्वीर
रमनदीप सिंह के खास दोस्त और भारतीय तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह भी इस खास मौके पर शामिल हुए. अर्शदीप ने सोशल मीडिया पर रमनदीप और चार्ली की शादी की तस्वीर शेयर करते हुए नए कपल को जिंदगी के नए अध्याय के लिए शुभकामनाएं दीं. शादी समारोह में अर्शदीप ब्लैक सूट और लाल रंग की पगड़ी में नजर आए. अर्शदीप की पोस्ट सामने आने के बाद रमनदीप और चार्ली की शादी की तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने लगीं. फैंस और क्रिकेट जगत से जुड़े लोग नए जोड़े को शादी की बधाइयां दे रहे हैं.
प्री-वेडिंग सेलिब्रेशन के वीडियो भी हुए थे वायरल
शादी से पहले चार्ली चौहान के प्री-वेडिंग सेलिब्रेशन से जुड़े कई वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आए थे. हालांकि, दोनों की शादी की आधिकारिक खबर सामने आने के बाद ही फैंस को इस रिश्ते के बारे में ज्यादा जानकारी मिली. निजी समारोह में शादी करने के कारण दोनों ने अपने इस खास दिन को काफी हद तक प्राइवेट रखा. चार्ली और रमनदीप की शादी की तस्वीरों में दोनों के चेहरे पर खुशी साफ नजर आ रही है. सोशल मीडिया पर फैंस उनकी जोड़ी की जमकर तारीफ कर रहे हैं.
कौन हैं चार्ली चौहान?
चार्ली चौहान टीवी इंडस्ट्री का जाना-पहचाना नाम हैं. उन्होंने कई लोकप्रिय टेलीविजन शोज और रिएलिटी कार्यक्रमों में काम किया है. उन्हें खास पहचान टीवी शो ‘बेस्ट फ्रेंड्स फॉरएवर’ में इला के किरदार से मिली थी. इसके बाद वह ‘कैसी ये यारियां’ में मुक्ति वर्धन के रोल में नजर आईं और इस किरदार ने भी उन्हें दर्शकों के बीच काफी लोकप्रिय बनाया. चार्ली चौहान ने अपने करियर की शुरुआत रिएलिटी शो से भी की थी. वह एमटीवी रोडीज सीजन 7 में बतौर कंटेस्टेंट नजर आई थीं. इसके बाद उन्होंने डांस रिएलिटी शो ‘नच बलिए’ में भी हिस्सा लिया. इस शो में उनके डांस पार्टनर अभिनेता कुंवर अमर थे. चार्ली ने ‘ये है आशिकी 4’ में इनारा का किरदार भी निभाया था. टेलीविजन के अलावा वह कुछ शॉर्ट फिल्मों में भी काम कर चुकी हैं. अभिनय के साथ-साथ चार्ली को लिखने का भी शौक है और वह लिरिसिस्ट के तौर पर भी काम कर चुकी हैं. वह ‘बेपरवाहियां’ म्यूजिक एल्बम का भी हिस्सा रही हैं.
इसे भी पढ़े- ऋषभ पंत ने रात 12:45 बजे किया पोस्ट, CM धामी से क्यों लगाई गुहार?
कुंवर अमर के साथ रिश्ते को लेकर रही थीं सुर्खियों में
चार्ली चौहान की पर्सनल लाइफ भी लंबे समय तक चर्चा में रही है उनका नाम अभिनेता और डांसर कुंवर अमर के साथ जुड़ा था. दोनों ‘नच बलिए’ में साथ नजर आए थे और उनके रिश्ते को लेकर काफी समय तक खबरें सामने आती रही थीं. ऐसे में चार्ली की रमनदीप सिंह के साथ शादी की खबर उनके कई फैंस के लिए अचानक सामने आई है.
रमनदीप सिंह का क्रिकेट करियर
वहीं रमनदीप सिंह भारतीय क्रिकेट के उभरते हुए ऑलराउंडर हैं. वह घरेलू क्रिकेट में पंजाब का प्रतिनिधित्व करते हैं और इंडियन प्रीमियर लीग में कोलकाता नाइट राइडर्स से जुड़े रहे हैं. रमनदीप ने नवंबर 2024 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टी20 मुकाबले से भारत के लिए इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू किया था. रमनदीप को भारतीय टीम की ओर से अब तक सीमित मौके मिले हैं. उन्होंने भारत के लिए दो टी20 इंटरनेशनल मुकाबले खेले हैं, जिनमें उनके नाम 15 रन और एक विकेट दर्ज है. हालांकि, घरेलू क्रिकेट और आईपीएल में उन्होंने अपनी ऑलराउंड क्षमता से प्रभावित किया है.
आईपीएल में भी बना चुके हैं पहचान
रमनदीप सिंह आईपीएल में लगातार अपनी जगह बनाने में सफल रहे हैं. उन्होंने अपने आईपीएल करियर में 39 मुकाबले खेले हैं, जिसमें उनके नाम 299 रन और 7 विकेट हैं. गेंद और बल्ले दोनों से योगदान देने की उनकी क्षमता के कारण उन्हें एक उपयोगी ऑलराउंडर के तौर पर देखा जाता है. अब क्रिकेट और टीवी इंडस्ट्री के इन दो चर्चित चेहरों की शादी ने फैंस का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है. रमनदीप और चार्ली की शादी की तस्वीरें सोशल मीडिया पर खूब पसंद की जा रही हैं और दोनों को नई जिंदगी की शुरुआत के लिए लगातार शुभकामनाएं मिल रही हैं.
इसे भी पढ़े- पहला ODI क्यों खेला गया था? जानें वनडे क्रिकेट शुरू होने की दिलचस्प कहानी