समाचार · मध्य प्रदेश
पुलिस चौकी के सामने चल रही थी अवैध आरा मशीन:जबलपुर में शिकायत के बाद छापा, लकड़ी जब्त कर टाल सील किया; डीएफओ बोले-कड़ी कार्रवाई होगी
जबलपुर में गौर पुलिस चौकी के ठीक सामने लंबे समय से अवैध आरा मशीन और लकड़ियों का टाल संचालित हो रहा था, लेकिन हैरानी की बात यह है कि वन विभाग और स्थानीय पुलिस को इसकी भनक तक नहीं लगी। सोमवार को स्थानीय लोगों की शिकायत के बाद डीएफओ के निर्देश पर एसडीओ के नेतृत्व में टीम ने मौके पर छापा मारा। यहां अवैध आरा मशीन के साथ बड़ी मात्रा में लकड़ियां मिलीं। वन विभाग ने टाल संचालक अमरजीत उर्फ बंटी ठाकुर के खिलाफ कार्रवाई करते हुए टाल को सील कर दिया। मौके से लाखों रुपए की लकड़ियां भी जब्त की गई हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरा मशीन काफी समय से बेखौफ चल रही थी। डीएफओ पुनीत सोनकर ने बताया कि जब्त लकड़ियों में अधिकांश जलाऊ हैं। बारिश के कारण परिवहन में परेशानी होने से इन्हें डिपो तक नहीं भेजा जा सका था। फिलहाल जब्त लकड़ियों की सुरक्षा के लिए वन विभाग के कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। मौसम और रास्तों की स्थिति सामान्य होने के बाद लकड़ियों को डिपो में शिफ्ट किया जाएगा। डीएफओ ने यह भी कहा कि मामले की जांच कराई जा रही है कि अवैध टाल और आरा मशीन को किन कर्मचारी-अधिकारियों के संरक्षण में संचालित किया जा रहा था। जांच के आधार पर आगे वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।