समाचार · मध्य प्रदेश
नर्मदापुरम में 3 दिन भारी बारिश का अलर्ट:30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलेंगी हवाएं, वज्रपात की भी चेतावनी जारी
नर्मदापुरम जिले में मंगलवार सुबह से आसमान में बादल छाए हुए हैं। रात में कुछ स्थानों पर बूंदाबांदी भी हुई। मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों में जिले के मौसम में बदलाव की संभावना जताई है। 25 और 26 अगस्त को कुछ इलाकों में भारी बारिश हो सकती है। 26 और 27 अगस्त को भी कहीं-कहीं भारी वर्षा के आसार हैं। इस दौरान गरज-चमक के साथ वज्रपात और 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। तीन दिन बारिश और तेज हवाओं का दौर मौसम विभाग के अनुसार जिले में अगले तीन दिनों तक गरज-चमक के साथ बारिश की गतिविधियां बनी रह सकती हैं। कुछ स्थानों पर तेज बारिश होने की संभावना है। बारिश के दौरान तेज हवाएं भी चल सकती हैं। 25 से 26 अगस्त के बीच जिले के कुछ हिस्सों में भारी बारिश हो सकती है। इसके बाद 26 से 27 अगस्त के दौरान भी कहीं-कहीं भारी वर्षा होने का अनुमान है। मौसम में बदलाव के साथ तेज हवा का दौर जारी रहने की संभावना है। इस साल अब तक 25 इंच बारिश नर्मदापुरम जिले में इस साल मानसून की शुरुआत से ही बारिश अपेक्षाकृत कम रही है। अब तक जिले में औसतन करीब 25 इंच बारिश दर्ज की गई है। यह सामान्य बारिश से कम है। पिछले साल की तुलना में भी इस बार बारिश काफी पीछे है। पिछले साल 1 जून से 25 अगस्त तक जिले में 40 इंच से ज्यादा बारिश हो चुकी थी। इस हिसाब से इस साल अब तक करीब 15 इंच कम बारिश दर्ज हुई है। पिछले 24 घंटे में जिले में औसतन करीब आधा इंच बारिश दर्ज की गई है। नर्मदा का जलस्तर अब घटने लगा पिछले चार दिनों से हो रही बारिश और बरगी डैम से पानी छोड़े जाने के कारण नर्मदा नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा था। सोमवार को सेठानी घाट पर नर्मदा का जलस्तर 950.70 फीट तक पहुंच गया था। हालांकि, अब जलस्तर में कमी आने लगी है। मंगलवार सुबह 6 बजे सेठानी घाट पर जलस्तर 949.30 फीट दर्ज किया गया, जो सुबह 8 बजे घटकर 949.10 फीट रह गया। वहीं, तवा डैम का जलस्तर 1147.20 फीट दर्ज किया गया है। फिलहाल जिले में बादल छाए हुए हैं और अगले कुछ दिनों में बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना को देखते हुए मौसम पर नजर बनी हुई है।