समाचार · मध्य प्रदेश
फॉर्मर रजिस्ट्री कार्य में लापरवाही, पटवारी सस्पेंड:कलेक्टर के निर्देश पर SDM ने लिया एक्शन
जयसिंहनगर तहसील के जमुड़ी हल्का में पदस्थ पटवारी भरत सिंह खैरवार को फॉर्मर रजिस्ट्री के शासकीय कार्य में घोर लापरवाही बरतने के आरोप में निलंबित कर दिया गया है। यह कार्रवाई कलेक्टर पार्थ जायसवाल के निर्देश पर अनुविभागीय अधिकारी राजस्व काजोल सिंह ने की है। पटवारी भरत सिंह खैरवार पर सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम 1966 के नियम 9 के तहत तत्काल प्रभाव से निलंबन की कार्रवाई की गई है। जानकारी के अनुसार, पटवारी अपने हल्का में रहकर कार्य नहीं कर रहा था और ग्रामीणों के संपर्क में भी नहीं था। निलंबन अवधि के दौरान उन्हें नियमानुसार निर्धारित मुख्यालय पर उपस्थित रहना होगा। फॉर्मर रजिस्ट्री एक प्रक्रिया है जिसके तहत किसानों से संबंधित जानकारी को डिजिटल रूप से दर्ज और अपडेट किया जाता है। इसका मुख्य उद्देश्य किसानों की भूमि, पहचान और अन्य आवश्यक जानकारी को एक एकीकृत डिजिटल रिकॉर्ड में उपलब्ध कराना है, ताकि उन्हें शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ आसानी से मिल सके। अधिकारियों ने सभी शासकीय योजनाओं और ऑनलाइन राजस्व संबंधी कार्यों को समय-सीमा में पूरा करने के सख्त निर्देश दिए हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सरकारी योजनाओं और महत्वपूर्ण डिजिटल रिकॉर्ड से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही को गंभीरता से लिया जाएगा। जिम्मेदार कर्मचारियों पर नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।