समाचार · मध्य प्रदेश
डिंडौरी उत्कृष्ट विद्यालय ने जीती मध्य प्रदेश टूरिज्म क्विज:जिले के 122 स्कूलों के 366 छात्रों ने लिया भाग
डिंडौरी में मध्य प्रदेश टूरिज्म क्विज-2026 का जिला स्तरीय आयोजन शुक्रवार को शासकीय कन्या शिक्षा परिसर में संपन्न हुआ। इस प्रतियोगिता में शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय डिंडौरी की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। जिले के 122 सरकारी और निजी स्कूलों के कुल 366 छात्र-छात्राओं ने इसमें भाग लिया। प्रतियोगिता का आरंभ सुबह पंजीयन के साथ हुआ। इसके बाद लिखित परीक्षा आयोजित की गई, जिसमें प्रतिभागियों से मध्यप्रदेश के पर्यटन स्थलों, विश्व धरोहरों, ऐतिहासिक स्मारकों, राष्ट्रीय उद्यानों, अभयारण्यों, लोक संस्कृति, पर्यावरण, वन्यजीव संरक्षण, इतिहास और भूगोल से संबंधित प्रश्न पूछे गए। ऐसे बने विजेता लिखित परीक्षा के उपरांत, चयनित छह टीमों ने मल्टीमीडिया क्विज राउंड में भाग लिया। इस चरण में ऑडियो, वीडियो और चित्र आधारित प्रश्नों के जरिए प्रतिभागियों के सामान्य ज्ञान और त्वरित निर्णय क्षमता का आकलन किया गया। कड़े मुकाबले के बाद, शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय डिंडौरी की टीम, जिसमें दीपक पाराशर, रामेश्वर गौतम और अगस्त द्विवेदी शामिल थे, ने प्रथम स्थान हासिल किया। यह टीम अब राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में डिंडौरी जिले का प्रतिनिधित्व करेगी। प्रतियोगिता में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बरगांव की टीम दूसरे स्थान पर रही, जबकि सांदीपनि उच्चतर माध्यमिक विद्यालय राई की टीम ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। प्रथम तीन विजेता टीमों के नौ विद्यार्थियों को मध्यप्रदेश पर्यटन बोर्ड द्वारा तीन दिन और दो रात के पर्यटन भ्रमण पैकेज प्रदान किए गए। चौथे, पांचवें और छठवें स्थान पर रही टीमों को दो दिन और एक रात का भ्रमण पैकेज दिया गया। जिला शिक्षा अधिकारी सुमन परस्ते और शिक्षा विभाग के अन्य अधिकारियों ने विजेता प्रतिभागियों को मेडल, प्रमाण-पत्र और टूर कूपन देकर सम्मानित किया। उन्होंने राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं भी दीं। क्विज मास्टर अश्वनी साहू ने इस प्रतियोगिता का संचालन किया। ये रहे मौजूद इस अवसर पर डिंडौरी जनपद उपाध्यक्ष राम किशोरी ठाकुर, मध्यप्रदेश पर्यटन से महेंद्र बरमैया और आशीष पांडे, उत्कृष्ट विद्यालय की प्राचार्या उपासना चौबे, लतिका डेनियल और कन्या शिक्षा परिसर के प्राचार्य राम विशाल मिथलेश सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।