समाचार · मध्य प्रदेश
खंडवा में आयुक्त आए तो सड़कों से गायब हुए ठेले:गंदे नालों पर ग्रीन नेट लगाकर बदली तस्वीर, विकास कार्यों का भी होगा निरीक्षण
खंडवा नगरीय प्रशासन विभाग के आयुक्त संकेत भोंडवे शनिवार को खंडवा दौरे पर हैं। उनके दौरे को लेकर नगर निगम ने शहर की व्यवस्थाएं दुरुस्त करने में पूरी ताकत झोंक दी है। प्रमुख मार्गों से ठेले हटाए गए हैं और जिन नालों में गंदगी नजर आ रही थी, उन्हें ग्रीन नेट के पर्दे से ढंक दिया गया है। शहर में आयुक्त के दौरे को लेकर वीआईपी मूवमेंट जैसा माहौल नजर आ रहा है। आयुक्त सुबह 8 बजे नमो वन पहुंचे और पौधरोपण किया। इसके बाद वे शहर में विकास कार्यों का निरीक्षण कर अधिकारियों से उनकी प्रगति की जानकारी लेंगे। आयुक्त के दौरे से पहले बदली शहर की तस्वीर आयुक्त के खंडवा दौरे को देखते हुए निगम प्रशासन ने शहर के प्रमुख मार्गों और बाजार क्षेत्रों में व्यवस्थाएं सुधारने का काम किया है। घंटाघर से सिविल लाइन और जिला अस्पताल तक जिन स्थानों पर बड़ी संख्या में ठेले नजर आते थे, वहां से निगम अमले ने ठेले हटवा दिए हैं। वहीं, कई स्थानों पर नालों में जमा गंदगी को साफ करने के बजाय फिलहाल ग्रीन नेट लगाकर ढंक दिया गया है। इसके चलते शहर की व्यवस्था को लेकर सवाल भी उठ रहे हैं कि क्या यह स्थायी समाधान है या सिर्फ निरीक्षण के दौरान व्यवस्था बेहतर दिखाने की कवायद। नालों पर पर्दा, ठेले भी हटाए शहर के बाजार क्षेत्रों में सामान्य दिनों में सड़क किनारे बड़ी संख्या में ठेले लगते हैं। आयुक्त के निरीक्षण के मद्देनजर निगम ने इन्हें फिलहाल हटा दिया है। इसी तरह गंदे और खुले नालों को भी ग्रीन नेट से ढंक दिया गया है। आयुक्त के दौरे के बाद ठेले दोबारा लगेंगे या नालों की सफाई और व्यवस्था में स्थायी सुधार किया जाएगा, यह देखने वाली बात होगी। विकास कार्यों की होगी समीक्षा आयुक्त संकेत भोंडवे जिले के सभी नगरीय निकायों में चल रहे विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा करेंगे। अधिकारियों से स्वीकृत, पूर्ण और लंबित परियोजनाओं की जानकारी ली जाएगी। इसके अलावा सड़क, नाली, सफाई, जल निकासी और अन्य नागरिक सुविधाओं से जुड़े कार्यों की स्थिति भी देखी जाएगी। निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और मौके पर लोगों को मिल रही सुविधाओं का जायजा लिया जाएगा। सुबह से शाम तक शहर में रहेंगे आयुक्त निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आयुक्त सुबह 8 से 10 बजे तक नगर भ्रमण कर विकास कार्यों का निरीक्षण करेंगे। इसके बाद सुबह 10:30 बजे कलेक्ट्रेट में जिले के सभी नगरीय निकायों के मुख्य नगर पालिका अधिकारियों की बैठक होगी। दोपहर 2 से शाम 5 बजे तक वे फिर नगर निगम क्षेत्र में विकास कार्यों का निरीक्षण करेंगे। किसी काम में लापरवाही या गुणवत्ता संबंधी कमी मिलने पर संबंधित अधिकारियों से जवाब-तलब भी किया जा सकता है। रात में भोपाल रवाना होंगे निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक आयुक्त भोंडवे शाम तक खंडवा में रहेंगे। इसके बाद रात 7:30 बजे रेल मार्ग से भोपाल के लिए रवाना होंगे। उनके दौरे को लेकर नगर निगम और जिला प्रशासन के अधिकारी तैयारियों में जुटे हुए हैं।