Saturday, 8 August 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · झारखंड

आदिवासी महोत्सव: फिल्म फेस्टिवल और मास्टर क्लास 9 अगस्त को, छात्रों को मिलेगा सीखने का मौका

INT News8 August 2026 at 09:38 am

आदिवासी महोत्सव-2026 के तहत नौ अगस्त को मोरहाबादी मैदान में झारखंड फिल्म डेवलपमेंट कॉरपोरेशन लिमिटेड  की ओर से फिल्म फेस्टिवल और मास्टर क्लास का आयोजन किया जाएगा. कार्यक्रम का उद्देश्य राज्य के युवाओं को फिल्म निर्माण, विजुअल स्टोरीटेलिंग और मीडिया उद्योग की व्यावहारिक जानकारी उपलब्ध कराना है. इस संबंध में झारखंड फिल्म डेवलपमेंट कॉरपोरेशन ने विनोबा भावे विश्वविद्यालय, हजारीबाग के कुलपति को पत्र भेजकर कार्यक्रम में सहभागिता का आग्रह किया है. विश्वविद्यालय से जनसंचार, पत्रकारिता, मीडिया स्टडीज, फिल्म स्टडीज, परफॉर्मिंग आर्ट्स, विजुअल कम्युनिकेशन समेत संबंधित विषयों के कम से कम 50 विद्यार्थियों को नामित कर भेजने का अनुरोध किया गया है.

आदिवासी जीवन और संस्कृति पर आधारित फिल्मों का होगा प्रदर्शन

फिल्म फेस्टिवल में आदिवासी जीवन, स्वदेशी संस्कृति, सामाजिक सरोकार और उत्कृष्ट सिनेमा पर आधारित फिल्मों का प्रदर्शन होगा. वहीं "फिल्म मेकिंग एंड करियर ऑपर्च्युनिटीज इन द फिल्म इंडस्ट्री" विषय पर विशेष मास्टर क्लास आयोजित की जाएगी. इसका संचालन सत्यजीत रे फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट, कोलकाता के विशेषज्ञ और प्राध्यापक करेंगे.

ये भी पढ़ें- हाईकोर्ट ने आदेश के अनुपालन में अवमानना याचिका पर की सुनवाई, पलामू के उपायुक्त को हाजिर होने का निर्देश

फिल्म निर्माण की बारीकियां सीखेंगे प्रतिभागी

मास्टर क्लास में प्रतिभागियों को फिल्म निर्माण की मूलभूत तकनीक, विजुअल स्टोरीटेलिंग, पटकथा लेखन, निर्देशन, सिनेमैटोग्राफी, संपादन और साउंड डिजाइन की जानकारी दी जाएगी. इसके अलावा फिल्म, टेलीविजन, ओटीटी और डिजिटल कंटेंट इंडस्ट्री में करियर की संभावनाओं तथा उच्च शिक्षा के अवसरों पर भी विशेषज्ञ मार्गदर्शन देंगे.

फिल्म शिक्षा को बढ़ावा देने की दिशा में पहल

झारखंड फिल्म डेवलपमेंट कॉरपोरेशन का कहना है कि यह पहल युवाओं की रचनात्मक क्षमता को बढ़ावा देने के साथ उन्हें फिल्म और मीडिया उद्योग की व्यावहारिक समझ विकसित करने में मदद करेगी. निगम का मानना है कि आदिवासी महोत्सव के दौरान आयोजित यह कार्यक्रम राज्य के मीडिया और फिल्म के विद्यार्थियों के लिए सीखने तथा करियर निर्माण का महत्वपूर्ण मंच बनेगा.

उल्लेखनीय है कि 22 जुलाई को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की उपस्थिति में झारखंड राज्य फिल्म विकास निगम और सत्यजीत रे फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट, कोलकाता के बीच रांची में फिल्म इंस्टीट्यूट की स्थापना को लेकर एमओयू पर हस्ताक्षर हुए थे.

ये भी पढ़ें- JSSC ने जारी किया झारखंड क्षेत्रीय कार्यकर्ता परीक्षा 2024 का प्रोविजनल मॉडल आंसर, 11 अगस्त तक ऑनलाइन आपत्ति