समाचार · मध्य प्रदेश
नागद्वारी यात्रा पर निकले बुजुर्ग को ट्रक ने कुचला:छिंदवाड़ा में मौके पर मौत; सिमरिया मंदिर के पास हादसा
छिंदवाड़ा के उमरानाला चौकी क्षेत्र में शुक्रवार देर शाम सिमरिया मंदिर के पास सड़क पार कर रहे 60 वर्षीय कैलाश कचौरे ट्रक की चपेट में आ गए। हादसा इतना गंभीर था कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई और शव बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गया। बताया जा रहा है कि कैलाश अपने दोस्तों के साथ नागद्वारी यात्रा के लिए निकले थे। इसी दौरान सिमरिया मंदिर के पास सड़क पार करते समय वे ट्रक की चपेट में आ गए। गश्त पर निकले चौकी प्रभारी को मिली सूचना
घटना के दौरान उमरानाला चौकी प्रभारी राजेश साहू गश्त पर निकले हुए थे। हादसे की जानकारी मिलते ही वे मौके पर पहुंचे। उन्होंने प्रधान आरक्षक हेमंत, संतोष और स्थानीय निवासी उल्लू भाई के साथ मिलकर शव को एकत्र किया। शव को समेटने के लिए चौकी से तीन चादरें भी मौके पर बुलवाई गईं। हादसे की स्थिति देखकर मौके पर मौजूद लोगों के बीच भी अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस को मृतक के पास से मिले दस्तावेजों के आधार पर उसकी पहचान कैलाश कचौरे, उम्र करीब 60 वर्ष, निवासी नागपुर के रूप में हुई। 1033 वाहन से जिला अस्पताल पहुंचाया शव
घटना के बाद शव को 1033 वाहन की सहायता से जिला अस्पताल पहुंचाया गया। यहां शव को मरचुरी रूम में रखा गया है। पुलिस ने हादसे में शामिल ट्रक को हिरासत में ले लिया है। उमरानाला चौकी पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और सड़क पार करते समय ट्रक की चपेट में आने की पूरी घटना कैसे हुई, इसे लेकर पुलिस प्रत्यक्षदर्शियों से जानकारी जुटा रही है।