Monday, 17 August 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

विजय मंदिर का ताला खोलकर श्रद्धालुओं को प्रवेश देने मांग:विदिशा में नागपंचमी पर अंदर जाने अनुमति मांगी; कोर्ट में विचाराधीन है मामला

INT News17 August 2026 at 05:44 pm

अखिल भारतीय संत समिति और विजय मंदिर सेवा समिति के पदाधिकारी सोमवार को विदिशा कलेक्टोरेट पहुंचे। उन्होंने नागपंचमी पर ऐतिहासिक विजय मंदिर (बीजामंडल) में पूजा-अर्चना की अनुमति मांगी। इस संबंध में कलेक्टर के नाम अतिरिक्त कलेक्टर को एक ज्ञापन सौंपा गया। समिति ने अपनी मांग में कहा कि विजय मंदिर के बंद शटर और ताले एक दिन के लिए खोले जाएं। इससे श्रद्धालुओं को विधि-विधान से मंदिर के अंदर जाकर पूजा करने की अनुमति मिल सकेगी। ज्ञापन में समिति ने उल्लेख किया कि विजय मंदिर में नागपंचमी पर पूजा-अर्चना की एक पुरानी परंपरा रही है। समिति के पदाधिकारियों का दावा है कि वर्ष 1965 से नागपंचमी के अवसर पर यहां पूजा करने की अनुमति मिलती रही थी। हालांकि, वर्ष 1992 में तत्कालीन सरकार के समय मंदिर के ऊपर शटर लगाकर ताले लगा दिए गए। तब से श्रद्धालुओं को बंद ताले के बाहर से ही पूजा करने की अनुमति दी जा रही है। विजय मंदिर सेवा समिति के प्रमुख शुभम वर्मा ने बताया कि यह मामला न्यायालय में विचाराधीन है। जब तक न्यायालय का अंतिम निर्णय नहीं आता, तब तक नागपंचमी के दिन एक दिन के लिए ताले खोलकर श्रद्धालुओं को मंदिर के अंदर जाकर पूजा-अर्चना करने की अनुमति दी जानी चाहिए। वर्मा ने स्पष्ट किया कि समिति का उद्देश्य विजय मंदिर को लेकर हिंदू-मुस्लिम विवाद खड़ा करना नहीं है। उन्होंने कहा कि यदि प्रशासन सुरक्षा व्यवस्था के साथ पूजा की अनुमति देता है, तो श्रद्धालु शांतिपूर्ण तरीके से अपनी धार्मिक परंपरा का निर्वहन करेंगे। समिति ने प्रशासन से श्रद्धालुओं की धार्मिक आस्था और नागपंचमी के महत्व को देखते हुए विजय मंदिर में पूजा-अर्चना की अनुमति प्रदान करने का आग्रह किया। ज्ञापन सौंपते समय अखिल भारतीय संत समिति के पदाधिकारी, विजय मंदिर सेवा समिति के सदस्य और अन्य श्रद्धालु मौजूद थे।