Saturday, 24 October 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

sports

IND vs NZ: दूसरे मैच में हार के बाद सैंटनर ने बताई वजह, बोले- ये छोटी-छोटी गलतियां पड़ गईं भारी

INT News24 October 2026 at 07:55 pm

Mitchell Santner: भारत के खिलाफ दूसरे टी20 इंटरनेशनल में न्यूजीलैंड को रोमांचक मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा. एक समय कीवी टीम ने मैच पर पूरी तरह पकड़ बना ली थी और भारत के 70 रन पर 5 विकेट गिर चुके थे. लेकिन नमन धीर, तिलक वर्मा और नितीश कुमार रेड्डी ने आखिरी ओवरों में ऐसी बल्लेबाजी की कि न्यूजीलैंड के हाथ से जीत फिसल गई. भारत ने 181 रन का लक्ष्य एक गेंद बाकी रहते 6 विकेट खोकर हासिल कर लिया. मैच के बाद न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सैंटनर ने माना कि अंत के कुछ अहम पलों में हुई छोटी-छोटी गलतियां भारी पड़ गईं.

हार के बाद सैंटनर ने बताई वजह

मिचेल सैंटनर ने कहा कि भारत जैसी मजबूत टीम के खिलाफ मुकाबला आखिरी गेंद तक जाने की उम्मीद रहती है. उन्होंने तिलक वर्मा, नमन धीर और नितीश कुमार रेड्डी की तारीफ करते हुए कहा कि इन बल्लेबाजों ने दबाव के बीच शानदार तरीके से रन बनाए.

सैंटनर के मुताबिक, अगर न्यूजीलैंड एक और विकेट हासिल कर लेता तो मैच पूरी तरह उनके पक्ष में आ सकता था. लेकिन भारतीय बल्लेबाजों ने अंत में न्यूजीलैंड पर दबाव बना दिया और गेंदबाजों से गलतियां करवाने में सफल रहे.

'एक विकेट और मिल जाता तो मैच खत्म था'

सैंटनर ने कहा, "अगर हमें एक और विकेट मिल जाता तो शायद मैच वहीं खत्म हो जाता. लेकिन तिलक, नमन और फिर अंत में नितीश ने बहुत अच्छी बल्लेबाजी की. उन्होंने रन चेज को जिस तरह संभाला और आखिर में हमसे गलतियां करवाईं, वह शानदार था."

भारत के 70 रन पर पांच विकेट गिरने के बाद न्यूजीलैंड जीत के बेहद करीब नजर आ रहा था. सैंटनर ने खुद और माइकल ब्रेसवेल ने बीच के ओवरों में भारतीय बल्लेबाजों को खूब परेशान किया था. लेकिन नमन धीर की 17 गेंदों में 31 रन की पारी ने मुकाबले में फिर से भारत की उम्मीद जगा दी.

ये भी पढ़ें: पहले भुवी का रिकॉर्ड तोड़ा, अब इस महारिकॉर्ड पर अर्शदीप सिंह की नजर

'हमने 180 के स्कोर के बाद अच्छी वापसी की'

सैंटनर ने अपनी टीम की गेंदबाजी की शुरुआत की भी तारीफ की. उन्होंने कहा कि 180 रन का स्कोर बनाने के बाद अगर विपक्षी टीम पावरप्ले में तेजी से रन बनाती है तो उसे रोकना काफी मुश्किल होता है. न्यूजीलैंड ने भारत को शुरुआती ओवरों में रोकने के बाद बीच के ओवरों में भी दबाव बनाए रखा.

उन्होंने माइकल ब्रेसवेल की गेंदबाजी का खास तौर पर जिक्र किया. ब्रेसवेल ने बीच के ओवरों में भारतीय बल्लेबाजों को खुलकर खेलने नहीं दिया और न्यूजीलैंड को मैच में मजबूत स्थिति में पहुंचाया.

हालांकि, सैंटनर ने नो-बॉल और मैदान पर हुई कुछ छोटी गलतियों को टीम के लिए नुकसानदायक बताया. उनके मुताबिक पिछले दो मुकाबलों में टीम की स्किल अच्छी रही है, लेकिन अहम मौकों पर हुई छोटी गलतियां नतीजे को प्रभावित कर रही हैं.

41 रन पर 3 विकेट के बाद फिलिप्स-जैकब्स ने संभाली पारी

न्यूजीलैंड की शुरुआत भी अच्छी नहीं रही थी. भारतीय गेंदबाजों ने पावरप्ले में ही कीवी टीम के तीन विकेट 41 रन पर गिरा दिए थे. इसके बाद ग्लेन फिलिप्स और बेवन जैकब्स ने मोर्चा संभाला. दोनों ने चौथे विकेट के लिए 116 रन की शानदार साझेदारी की. फिलिप्स ने 46 गेंदों में 70 रन बनाए, जबकि जैकब्स ने 46 गेंदों में 58 रन की पारी खेली. इन दोनों की बल्लेबाजी के दम पर न्यूजीलैंड 20 ओवर में 180/5 तक पहुंचने में सफल रहा.

भारत ने सीरीज में बनाई 2-0 की बढ़त

न्यूजीलैंड के 180 रन के जवाब में भारत की शुरुआत अच्छी रही, लेकिन 40 रन से 70 रन तक पहुंचते-पहुंचते टीम ने पांच विकेट गंवा दिए. इसके बाद नमन धीर ने 17 गेंदों में 31 रन बनाकर मैच में वापसी कराई.

फिर तिलक वर्मा ने 26 गेंदों में नाबाद 51 रन और नितीश कुमार रेड्डी ने 13 गेंदों में नाबाद 26 रन बनाकर भारत को लक्ष्य तक पहुंचा दिया. भारत ने एक गेंद शेष रहते चार विकेट से मुकाबला जीत लिया. इस जीत के साथ भारत ने पांच मैचों की टी20 सीरीज में 2-0 की बढ़त बना ली है.

ये भी पढ़ें: Richest Cricket League: आखिर कौन है दुनिया की सबसे अमीर क्रिकेट लीग? कितने नंबर पर है IPL, देखें टॉप-10 की लिस्ट