समाचार · हरियाणा
डबवाली में फिर टूटी लोहगढ़ लिंक माइनर:पकी फसल पानी भरने से किसान परेशान, बोले- टेल तक नहीं पहुंच रहा पानी
हरियाणा के सिरसा में लोहगढ़ लिंक माइनर के बार-बार टूटने से किसान परेशान हैं। माइनर में पानी छोड़ने के बाद यह टूट जाता है, जिससे आसपास के खेतों में पानी भर रहा है। इससे किसानों की पक्की फसल खराब होने का डर है। किसानों के अनुसार, जब भी माइनर में पानी छोड़ा जाता है, यह टूट जाता है। दो दिन पहले भी माइनर टूटा था, जिसे विभाग ने बांधकर पानी रोका था। लेकिन शनिवार को यह फिर टूट गया। बार-बार मरम्मत के बाद भी यही स्थिति होने से किसानों की चिंता बढ़ गई है। किसानों ने की पक्की मरम्मत कराने की मांग किसानों ने प्रशासन और विभाग से माइनर की पक्की मरम्मत की मांग की है, ताकि फसल को नुकसान न हो और टेल तक पानी पहुंच सके। वहीं, माइनर के टेल तक पानी नहीं पहुंचने से अंतिम छोर के किसानों को सिंचाई के लिए पानी नहीं मिल रहा है। किसानों का आरोप है कि शिकायत के बावजूद प्रशासन समस्या का पक्का समाधान नहीं कर रहा है। किसान दिलौर सिंह मान, भाल इंद्र सिंह, बलजीत सिंह, जसविंदर सिंह, सुधीर कुमार, गुरलाल सिंह, कुलदीप सिंह, मान सिंह और अंग्रेज सिंह ने बताया कि करीब एक साल पहले किसानों ने खुद चंदा इकट्ठा कर माइनर की मरम्मत करवाई थी। इसके बावजूद हालात में सुधार नहीं हुआ।