समाचार · मध्य प्रदेश
बैंक में हुआ था चोरी का प्रयास:बुरहानपुर में सोमवार को पुलिस ने जिलेभर में चलाया अभियान, सुरक्षा जांच की
बुरहानपुर के झिरी स्थित शुगर फैक्ट्री परिसर में जिला सहकारी केंद्रीय बैंक की शाखा में दो दिन पहले चोरी का असफल प्रयास हुआ था। अज्ञात बदमाश बैंक का ताला तोड़कर अंदर घुसे और तिजोरी तोड़ने की कोशिश की, लेकिन सफल नहीं हुए। घटना के बाद सोमवार को पुलिस ने जिलेभर के बैंकों में सुरक्षा जांच अभियान चलाया। अभियान के तहत थाना प्रभारियों ने पुलिस स्टाफ के साथ अपने-अपने क्षेत्रों में संचालित सभी शासकीय और अर्ध-शासकीय बैंकों का निरीक्षण किया। इस दौरान बैंक सुरक्षा से जुड़े जरूरी मानकों की जांच की गई। जिम्मेदार अधिकारियों को सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए। गार्ड से लेकर CCTV तक की जांच पुलिस ने बैंकों में सशस्त्र और प्रशिक्षित सुरक्षा गार्डों की उपलब्धता देखी। बैंक के अंदर और बाहर लगे CCTV कैमरों की स्थिति, काम करने की क्षमता और गुणवत्ता की जांच की गई। साथ ही CCTV की रिकॉर्डिंग क्षमता, DVR बैकअप और फुटेज सुरक्षित रखने की व्यवस्था भी देखी गई। बैंक के प्रवेश और निकास स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था की भी जांच हुई। दरवाजे, फ्रेम मेटल डिटेक्टर और बैरिकेडिंग देखी गई। पुलिस ने आपातकालीन अलार्म सिस्टम की कार्यशीलता और सक्रियता का भी परीक्षण किया। संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत देने की अपील पुलिस ने चोरी और डकैती रोकने के लिए तय सुरक्षा मानकों के पालन की भी समीक्षा की। बैंक कर्मचारियों को संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने और किसी भी सूचना की जानकारी तुरंत डायल 112 पर देने के लिए जागरूक किया गया। थाना स्तर पर बैंक प्रबंधकों के साथ समन्वय स्थापित कर सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के निर्देश दिए गए हैं।