समाचार · मध्य प्रदेश
सावन के तीसरे सोमवार को निकली शाही सवारी:शिव के अद्भुत स्वरूपों में सजे कलाकार रहे आकर्षण का केंद्र
आगर मालवा जिले के बड़ौद नगर में सावन माह के तीसरे सोमवार को भगवान भोलेनाथ की शाही सवारी निकाली गई। प्रतिवर्ष की परंपरा के अनुसार आयोजित इस सवारी में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। दोपहर करीब 3 बजे डग मार्ग स्थित गुंदी घाट हनुमान मंदिर से इसका शुभारंभ हुआ। शाही सवारी में भगवान भोलेनाथ की आकर्षक झांकी के साथ विभिन्न धार्मिक एवं सामाजिक झांकियां भी शामिल थीं। श्रद्धालु ढोल-नगाड़ों और भक्ति गीतों की धुन पर 'हर-हर महादेव' के जयकारे लगाते हुए सवारी के साथ चल रहे थे। नगरवासियों में सुबह से ही इस आयोजन को लेकर उत्साह का माहौल था। सवारी मार्ग पर जगह-जगह स्वागत मंच लगाए गए थे। लोगों ने भगवान भोलेनाथ के दर्शन कर पूजा-अर्चना की और पुष्पवर्षा कर शाही सवारी का स्वागत किया। कई स्थानों पर श्रद्धालुओं के लिए प्रसादी और पेयजल की व्यवस्था भी की गई थी। सवारी के दर्शन के लिए मार्ग के दोनों ओर बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे। शाही सवारी के दौरान 'हर-हर महादेव' और 'भोलेनाथ' के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। युवाओं के साथ महिलाएं और बुजुर्ग भी बड़ी संख्या में सवारी में शामिल हुए। सावन के तीसरे सोमवार पर आयोजित इस शाही सवारी को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष आस्था और उत्साह देखने को मिला। यह शाही सवारी नगर के कई प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी। आयोजन के दौरान बड़ौद पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था संभाली। यातायात और सुरक्षा बनाए रखने के लिए पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया था। आयोजकों के अनुसार, शाही सवारी का समापन देर रात्रि होगा। इस आयोजन के कारण पूरे नगर में दिनभर धार्मिक उत्सव जैसा माहौल बना रहा।