समाचार · मध्य प्रदेश
पन्ना में बोरवेल मोटर सुधारने उतरे बाप-बेटे की मौत:12 फीट गहरे गड्ढे में उतरा था परिवार; ग्रामीणों और डायल-100 ने बाहर निकाला
पन्ना जिले के पवई थाना क्षेत्र के ग्राम नारायणपुरा में मुटलन हार स्थित खेत पर गुरुवार को बोरवेल की मोटर सुधारने उतरे पिता-पुत्र की मौत हो गई। दोनों को बेहोशी की हालत में अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। 12 फीट गहरे गड्ढे में उतरा था परिवार नारायणपुरा निवासी 55 वर्षीय उजागर लाल वर्मन और उनका 30 वर्षीय बेटा अतुल वर्मन पानी न आने पर मोटर देखने 10 से 12 फीट गहरे बोरवेल में उतरे थे। सबसे पहले अतुल बोरवेल के अंदर उतरा और अचेत हो गया। उसे बचाने नीचे उतरे पिता उजागर लाल भी वहीं बेहोश हो गए। ग्रामीणों और डायल-100 ने बाहर निकाला काफी देर तक दोनों के वापस न आने पर परिजनों ने ग्रामीणों और पुलिस को सूचना दी। डायल-100 टीम ने ग्रामीणों की मदद से दोनों को बाहर निकाला। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पवई में जांच के बाद बीएमओ डॉ. सुरेश सोनी ने दोनों को मृत घोषित कर दिया और शव परीक्षण की कार्रवाई शुरू की। करंट या जहरीली गैस की आशंका पवई थाना प्रभारी सुशील कुमार अहिरवार ने बताया कि केस दर्ज कर लिया गया है। मौत की असली वजह बिजली का करंट है या जहरीली गैस, यह पोस्टमार्टम रिपोर्ट से साफ होगा।