Thursday, 22 October 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · उत्तराखंड

सर, आपने 35 लाख कैश में दिए थे या चेक से; दलेर मेहंदी को डांटने वाले BJP के मंत्री से मीका सिंह का सीधा सवाल

INT News21 October 2026 at 11:57 pm

उत्तराखंड के टिहरी जिले में आयोजित एक सांस्कृतिक संध्या कार्यक्रम में प्रसिद्ध पंजाबी गायक दलेर मेहंदी की प्रस्तुति के दौरान हुए विवाद ने तूल पकड़ लिया है। दरअसल विवाद के दौरान प्रदेश के कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने मंच पर आकर मेहंदी पर सरेआम नाराजगी जताई थी। जिसके बाद मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस के अलावा बॉलीवुड और कला जगत से जुड़ी कई हस्तियां दलेर मेहंदी के पक्ष में उतर आई हैं और जिन्होंने भाजपा सरकार के मंत्री से माफी मांगने की बात कही है। उधर इस मामले को लेकर दलेर मेहंदी के छोटे भाई और बॉलीवुड सिंगर मीका सिंह पहले दिन से ही काफी मुखर रहे हैं और मंगलवार को इस मामले में मंत्री उनियाल से बात करने के बाद बाद बुधवार को उन्होंने एक सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए उनियाल को सीधी चुनौती दे डाली।अपनी पोस्ट में मीका सिंह ने इस मामले को लेकर बोल रहे मंत्री उनियाल का एक वीडियो शेयर किया, और उन्हें सीधी चुनौती देते हुए कहा, 'सर आपने 35 लाख कैश में दिए थे या चेक से? अगर आपके पास पेमेंट की रसीद हैं, तो कृपया पब्लिक के सामने शेयर कीजिए, ताकी सबको सच पता चल सके। धन्यवाद।' इस पोस्ट के साथ मीका ने मंत्री का जो वीडियो शेयर किया, उसमें वह रविवार की रात हुए इस विवाद की जानकारी देते हुए अपना पक्ष रख रहे थे।इस दौरान उनियाल उस वीडियो में कह रहे हैं, 'दलेर मेहंदी साहब एक बहुत बड़ा नाम हैं और बहुत बड़े गायक हैं, और यही कारण है कि हमने उन लोगों को बुलाया और बुलाने के बाद जब मंच पर ये लगा कि वो केवल लिप सिंक कर रहे हैं, गाना नहीं गा रहे हैं, तो क्योंकि मैं वहां का स्थानीय प्रतिनिधि भी हूं और मेला समिति का सदस्य भी हूं। तो लोगों का दबाव था कि आखिर इनसे पूछें कि वो गा क्यों नहीं रहे हैं, तो फिर मैंने एंकर को बुलाया। और एंकर को कहा कि भाई हम सारे लोग दलेर मेहंदी जी को सुनने आए हैं, उनकी टीम को सुनने नहीं आए हैं।'तो ऐसी स्थिति में उनको यहां पर गाना और परफॉर्म करना चाहिए। थोड़ी देर के बाद जब मैंने एंकर से बात की तो मुझे लगा कि एंकर ने सारे म्यूजिशियंस को इशारों-इशारों में और पर्सनली सबके पास जाकर के उनको रुकवा दिया, और केवल कहा कि यही है कि हाथों से ऐक्शन करते रहो।'बता दें कि इस पूरे विवाद की शुरुआत नरेंद्रनगर क्षेत्र में ऐतिहासिक सिद्धपीठ मां कुंजापुरी पर्यटन एवं विकास मेले में रविवार रात आयोजित सांस्कृतिक संध्या में उस वक्त हुई, जब दलेर मेंहदी प्रस्तुति दे रहे थे, लेकिन इसी दौरान उनके लाइव गायन और बैकग्राउंड साउंड ट्रैक में अलग-अलग आवाजें आने लगीं, जिसके बाद दर्शक हंगामा करने लगे और मेहंदी पर असलियत में गाना गाने की बजाय केवल लिप सिंक करने का आरोप लगाने लगे।हंगामे के बीच स्थानीय विधायक और वन एवं स्वास्थ्य मंत्री उनियाल मंच पर पहुंचे और गायक से कहा कि इतना पैसा देकर उन्हें मनोरंजन के लिए बुलाया गया है और जनता उन्हें सुनने आई है, इसलिए प्रस्तुति में अपेक्षित गुणवत्ता का ध्यान रखा जाना चाहिए।उनियाल ने नवरात्र के धार्मिक आयोजन का जिक्र करते हुए कार्यक्रम की मर्यादा बनाए रखने पर भी जोर दिया था। उन्होंने कहा था, 'आपसे बोला तो जा नहीं रहा, आप गाना क्या गाएंगे।' इस दौरान मंच पर कुछ देर के लिए असहज स्थिति बन गई। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसके बाद इस पर लोगों की प्रतिक्रियाएं भी सामने आ रही हैं।कुंजापुरी मेला धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक परंपराओं का प्रमुख आयोजन है, इसलिए लोग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की गुणवत्ता और धार्मिक आयोजन की गरिमा को लेकर भी सवाल उठा रहे हैं। हालांकि, गायक के शराब के नशे में होने संबंधी आरोपों की पुष्टि नहीं हो पाई है। नरेंद्रनगर के उप-जिलाधिकारी आशीष घिल्डियाल ने कहा कि मेंहदी ने मेले में अपनी प्रस्तुति दी। उन्होंने बताया कि कुछ व्यवधान के बाद कार्यक्रम निर्धारित समय पर हुआ।