entertainment
Tiger Shroff firing: घायल ब्लॉगर से मिलने अस्पताल पहुंचीं मां आयशा, परिवार को दिया मदद का भरोसा

18 अक्टूबर 2026 को जुहू में एक्टर टाइगर श्रॉफ की कार पर हुई फायरिंग में घायल हुए 35 वर्षीय ब्लॉगर उमेश चौहान से मिलने एक्टर की मां आयशा श्रॉफ मंगलवार को मुंबई के KEM अस्पताल पहुंचीं. हमले में टाइगर के ड्राइवर फिरदौस के साथ-साथ उमेश को भी गोली लगी थी. आयशा श्रॉफ ने आईसीयू के बाहर उमेश के परिवार से मुलाकात की, उनका हालचाल जाना और मुश्किल की इस घड़ी में हर संभव मदद का भरोसा दिया.
लिवर में फंसी है गोली, आज होगा बड़ा ऑपरेशन
हमले के दौरान चली गोली उमेश चौहान के लिवर में जाकर धंस गई थी. डॉक्टरों के मुताबिक, बुधवार को उनका बड़ा ऑपरेशन होना है. वे फिलहाल आईसीयू में एडमिट हैं. हालांकि उनके वाइटल पैरामीटर्स स्थिर हैं, लेकिन डॉक्टरों का कहना है कि यह सर्जरी उनके इलाज का सबसे अहम कदम होगी और पूरी तरह ठीक होने में उन्हें लंबा वक्त लगेगा.
View on Instagram
'कोई भी जरूरत हो तो फोन करना', आयशा ने दिया अपना नंबर
उमेश के चचेरे भाई राहुल गौड़ ने बताया कि आयशा श्रॉफ ने परिवार को पूरी तरह ढांढस बंधाया. उन्होंने उमेश और उनकी पत्नी के इलाज व देखभाल के लिए पूरा सपोर्ट देने की बात कही. आयशा ने परिवार वालों से उनके कॉन्टैक्ट डिटेल्स लिए और अपना पर्सनल नंबर भी साझा किया, ताकि किसी भी इमरजेंसी में वे सीधे संपर्क कर सकें.
जैकी श्रॉफ ने भी सोशल मीडिया पर फैंस को दी जानकारी
टाइगर के पिता और एक्टर जैकी श्रॉफ ने भी सोशल मीडिया पर इस बात की पुष्टि की. एक पोस्ट पर अपने खास अंदाज में रिएक्ट करते हुए जैकी ने लिखा- 'भीड़ू, वाइफ मिली हैं और उनका पूरा ध्यान रख रही हैं.' इस बीच उमेश के ससुर और दोस्त अस्पताल में उनके साथ डटे हुए हैं, जबकि उनके पिता भी बेटे की सर्जरी से पहले बनारस से मुंबई पहुंच रहे हैं. वहीं दूसरी तरफ, इस जानलेवा हमले के बाद मुंबई पुलिस ने टाइगर श्रॉफ की सुरक्षा बढ़ा दी है.
ये भी पढ़ें: Photo Story: सिनेमा का सबसे महंगा टिकट? एक टिकट ₹3,400 का, दूसरा ₹5 लाख में नीलाम! देखें पूरी लिस्ट