Tuesday, 1 September 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · हरियाणा

महेंद्रगढ़ से ITBP का जवान 2 माह से लापता:मोबाइल आ रहा बंद, पंचकूला स्थित 50वीं वाहिनी के पत्र के बाद परिजनों ने दर्ज कराई FIR

INT News1 September 2026 at 09:39 am

हरियाणा के महेंद्रगढ़ जिले के कनीना क्षेत्र के गांव निवासी आईटीबीपी (भारत-तिब्बत सीमा पुलिस) का एक जवान छुट्टी के बाद ड्यूटी पर नहीं पहुंचा। जवान का मोबाइल भी पिछले करीब दो महीने से बंद है। अब पंचकूला स्थित 50वीं वाहिनी आईटीबीपी से परिवार को पत्र मिलने के बाद परिजनों ने थाना सदर कनीना में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। 2006 में हुआ था भर्ती सदर थाना कनीना के गांव नौताना निवासी फूलचंद ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह खाती मिस्त्री का काम करते हैं। उनके तीन बच्चे हैं। बड़ा बेटा योगेश (38) जून 2006 में आईटीबीपी में भर्ती हुआ था और वर्तमान में उसकी तैनाती चंडीगढ़ में है। योगेश विवाहित है तथा उसके दो बच्चे हैं। 8 जुलाई को गया था ड्यूटी पर शिकायत के अनुसार योगेश 9 जून 2026 को एक माह की छुट्टी लेकर घर आया था। छुट्टी पूरी होने पर 8 जुलाई 2026 को वह घर से ड्यूटी के लिए रवाना हुआ। इसके बाद से उसका मोबाइल फोन लगातार बंद आ रहा है। परिजनों ने कई बार संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन कोई बात नहीं हो सकी। अब पंचकूला से मिला पत्र इस दौरान परिवार को 50वीं वाहिनी आईटीबीपी, पंचकूला (हरियाणा) से एक पत्र मिला, जिसमें बताया गया कि योगेश निर्धारित समय पर अपनी ड्यूटी पर वापस नहीं पहुंचा है। पत्र मिलने के बाद परिजनों की चिंता बढ़ गई और उन्होंने थाना सदर कनीना पहुंचकर बेटे की तलाश करने की गुहार लगाई। पुलिस ने किया मामला दर्ज पुलिस ने शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 127(6) के तहत गुमशुदगी का मामला दर्ज कर लिया है। जांच अधिकारी ने बताया कि जवान की तलाश के लिए विभिन्न स्थानों पर सूचना भेजी गई है। सीसीटीएनएस के माध्यम से एफआईआर की प्रतियां संबंधित अधिकारियों और क्षेत्रीय मजिस्ट्रेट को भेजी गई हैं। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।