Tuesday, 1 September 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · बिहार

बिहार-UP में दौड़ेगी बुलेट ट्रेन, अश्विनी वैष्णव ने दिया नया अपडेट, वंदे भारत-सुपरफास्ट को भी छोड़ेगी पीछे

INT News1 September 2026 at 09:53 am

Bullet Train High Speed Rail Corridor: पटना से दिल्ली जाने वाले यात्रियों के लिए आने वाले सालों में सफर का मतलब ही बदल सकता है. अभी पटना से दिल्ली का सफर तय करने में लगभग 10 से 12 घंटे लगते हैं लेकिन आने वाले दिनों में इसे साढ़े चार घंटे में ही पूरा किया जा सकेगा. केंद्र सरकार दिल्ली से बिहार तक हाई-स्पीड रेल कनेक्टिविटी की योजना पर तेजी से काम कर रही है.

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने प्रस्तावित दिल्ली-आगरा-कानपुर-लखनऊ-प्रयागराज-वाराणसी-पटना हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर को लेकर अपडेट दिया है. इस कॉरिडोर के जरिए दिल्ली को उत्तर प्रदेश के प्रमुख शहरों से जोड़ते हुए बिहार की राजधानी पटना तक बुलेट ट्रेन पहुंचाने की योजना है.

बिहार के लिए फायदा क्या होगा?

सबसे बड़ा बदलाव दिल्ली-पटना सफर में देखने को मिल सकता है. करीब 1000 किलोमीटर की दूरी को हाई-स्पीड ट्रेन से लगभग साढ़े 4 घंटे में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है. बिहार के उन हजारों परिवारों के लिए इसका महत्व समझना मुश्किल नहीं है, जिनके बच्चे या परिवार के सदस्य दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद और आसपास के इलाकों में नौकरी या पढ़ाई करते हैं. छठ और दिवाली जैसे त्योहारों पर घर लौटने की जद्दोजहद भी इस कनेक्टिविटी से काफी बदल सकती है.

पटना ही नहीं, बिहार की कनेक्टिविटी भी बदलेगी

बुलेट ट्रेन का फायदा सिर्फ पटना तक सीमित नहीं रहेगा. पटना तक पहुंचने वाला यह हाई-स्पीड कॉरिडोर बिहार को देश के बड़े आर्थिक और शहरी केंद्रों से जोड़ने में अहम भूमिका निभा सकता है. तेज कनेक्टिविटी का असर नौकरी, कारोबार, शिक्षा, पर्यटन और निवेश पर भी पड़ सकता है. दिल्ली से आने वाला कारोबारी कुछ घंटों में पटना पहुंच सकता है और बिहार का कारोबारी भी दिल्ली तक ज्यादा आसानी से पहुंच सकेगा.

यूपी के शहर भी होंगे हाई-स्पीड नेटवर्क में

प्रस्तावित कॉरिडोर में दिल्ली से आगरा का करीब 200 किलोमीटर सफर लगभग 58 मिनट में पूरा करने का अनुमान है. कानपुर करीब 1 घंटे 50 मिनट, जबकि लखनऊ करीब 2 घंटे 12 मिनट में पहुंचने की संभावना है. इसी तरह दिल्ली से प्रयागराज करीब 3 घंटे और वाराणसी करीब 3 घंटे 33 मिनट में पहुंचने का अनुमान है.

बिहार में क्यों खास है यह प्रोजेक्ट

बिहार देश के सबसे ज्यादा आबादी वाले राज्यों में शामिल है और बड़ी संख्या में लोग रोजगार, शिक्षा और कारोबार के लिए दिल्ली-एनसीआर और दूसरे राज्यों का रुख करते हैं. ऐसे में तेज रेल कनेक्टिविटी बिहार के लिए आर्थिक बदलाव का जरिया बन सकती है. पटना के अलावा राज्य के दूसरे शहरों तक कनेक्टिविटी बेहतर होने पर इसका असर पर्यटन और स्थानीय कारोबार पर भी पड़ सकता है.

इन जिलों में बनाया जा सकता है स्टेशन

पिछले दिनों आई जानकारी के मुताबिक, बिहार में बुलेट ट्रेन के लिए लगभग 400 किलोमीटर लंबा रेलवे ट्रैक बिछाया जाएगा. इस प्रोजेक्ट से चार राज्यों बिहार, बंगाल, यूपी और दिल्ली के बीच कनेक्टिविटी मजबूत होगी. बिहार के तीन जिलों में स्टेशन बनाए जाने की योजना थी. इन जिलों में पटना, बक्सर और कटिहार शामिल है. ऐसे में इन तीनों जिलों और इसके आस-पास के जिलों के लोगों को खास फायदा मिल सकेगा.

बुलेट ट्रेन में यात्रियों के लिए सुविधाएं

बुलेट ट्रेन में यात्रियों को हाई लेवल सुविधाएं मिल सकेंगी. जानकारी के मुताबिक, यात्रियों के लिए इसमें एक्टिव सस्पेंशन सिस्टम और ऑटोमैटिक सीट रोटेशन सिस्टम भी होगा. बीमार लोगों और बच्चों को दूध पिलाने वाली महिलाओं के लिए फोल्डिंग बेड की सुविधा होगी. साथ ही मॉडर्न फैसिलिटी वाले टॉयलेट होंगे. दिव्यांगजनों के लिए भी स्पेशल व्यवस्था होगी. इसके अलावा भी कई सुविधाएं लोगों के लिए होंगी.

Also Read: केंद्र से 11000 करोड़ रुपये CM सम्राट ने मांगे, कोसी हाई डैम से कोसी-मेची लिंक तक कई प्रोजेक्ट्स होंगे पूरे