Tuesday, 1 September 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

हेलीपैड की जमीन पर बना लिया मकान...खेती भी करने लगे:प्रशासन ने 60 लाख की भूमि से हटाया कब्जा, पर्यटन बढ़ाने के लिए बनेगा हैलीपेड

INT News1 September 2026 at 09:29 am

जबलपुर के विश्व प्रसिद्ध पर्यटन स्थल भेड़ाघाट में प्रस्तावित हेलीपैड की सरकारी जमीन पर अतिक्रमण कर मकान बनाने और खेती करने का मामला सामने आया है। सोमवार को जिला प्रशासन ने पुलिस और नगर परिषद की टीम के साथ कार्रवाई करते हुए करीब डेढ़ एकड़ सरकारी जमीन को कब्जे से मुक्त कराया। जमीन का अनुमानित मूल्य करीब 60 लाख रुपए बताया गया है। अनुविभागीय राजस्व अधिकारी गोरखपुर अनुराग सिंह के मुताबिक भेड़ाघाट स्थित शासकीय भूमि खसरा नंबर 32 के अंश भाग पर अमीन खान ने कब्जा कर डेयरी संचालित कर रखी थी। संयुक्त दल ने अतिक्रमित संरचना और सामग्री हटाकर जमीन को मुक्त कराया। 80 लाख की जमीन पर मकान और खेती इसी कार्रवाई के दौरान गोपालपुर निवासी छोटा यादव द्वारा किए गए अतिक्रमण को भी हटाया गया। उसने सरकारी जमीन पर मकान बना लिया था और कृषि कार्य कर रहा था। प्रशासन के मुताबिक कब्जे वाली जमीन की कीमत करीब 80 लाख रुपए है। अधिकारियों ने बताया कि दोनों मामलों में विधिवत सुनवाई की प्रक्रिया पूरी करने के बाद अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई। कार्रवाई कलेक्टर राघवेंद्र सिंह के निर्देश पर की गई। पर्यटन के लिए बनेगा हेलीपैड एसडीएम अनुराग सिंह ने बताया कि नगर परिषद भेड़ाघाट की कब्जामुक्त कराई गई जमीन पर पर्यटन विभाग द्वारा हेलीपैड बनाने का प्रस्ताव है। इसका उद्देश्य क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देना है। कार्रवाई के दौरान अतिरिक्त तहसीलदार गोरखपुर ललित ग्वालवंशी, नगर परिषद भेड़ाघाट के मुख्य नगर पालिका अधिकारी विक्रम झरिया सहित राजस्व, पुलिस और नगर परिषद के अधिकारी मौजूद रहे।