समाचार · पंजाब
पंजाब-चंडीगढ़ में दो दिन आंधी-ओलावृष्टि का अलर्ट:पश्चिमी विक्षोभ से बदलेगा मौसम, तापमान में 0.7 डिग्री की वृद्वि, फरीकदोट सबसे गर्म
पंजाब और चंडीगढ़ में आज (29 अक्टूबर) से मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। मौसम विज्ञान केंद्र चंडीगढ़ के मुताबिक, 29 और 30 अक्टूबर को कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ बिजली गिरने, तेज हवाएं चलने और कुछ जगहों पर ओलावृष्टि होने की संभावना है। विभाग ने पंजाब और चंडीगढ़ के लिए इन दोनों दिनों में आंधी और ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की है। हालांकि, 31 अक्टूबर से मौसम के सामान्य होने की उम्मीद है। बुधवार की तुलना में पंजाब के औसत अधिकतम तापमान में 0.7 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई। तापमान सामान्य के करीब पहुंच गया है। फरीदकोट में सबसे अधिक 36.2 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। चंडीगढ़ में 28 अक्टूबर को अधिकतम तापमान 33 डिग्री रहा, जो सामान्य से 4.2 डिग्री अधिक था। पश्चिमी विक्षोभ के असर से बदलेगा मौसम मौसम में बदलाव की वजह पश्चिमी विक्षोभ है। जम्मू और आसपास के क्षेत्र में समुद्र तल से 3.1 से 4.5 किलोमीटर की ऊंचाई पर चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। इसके अलावा, मध्य क्षोभमंडल में पश्चिमी हवाओं के साथ एक नया पश्चिमी विक्षोभ ट्रफ के रूप में सक्रिय है। इसके प्रभाव से पंजाब और चंडीगढ़ में बादल छाने, गरज-चमक, तेज हवाएं चलने और कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि होने की संभावना है। 30 अक्टूबर से 5 नवंबर तक ऐसा रहेगा मौसम मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 30 अक्टूबर के बाद पंजाब में बारिश की संभावना कम हो जाएगी। 31 अक्टूबर से 4 नवंबर तक राज्य के लिए कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है। सप्ताह के दौरान ज्यादातर हिस्सों में अधिकतम तापमान 30 से 32 डिग्री और बाकी क्षेत्रों में 32 से 34 डिग्री रहने का अनुमान है। दिन का तापमान सामान्य से लेकर सामान्य से ऊपर रह सकता है। वहीं, पठानकोट, अमृतसर, गुरदासपुर और होशियारपुर, नवांशहर व रूपनगर के कुछ हिस्सों में न्यूनतम तापमान 8 से 12 डिग्री रहने की संभावना है। राज्य के बाकी हिस्सों में रात का तापमान 12 से 14 डिग्री रह सकता है। पूरे सप्ताह न्यूनतम तापमान सामान्य के आसपास रहने का अनुमान है।