समाचार · हरियाणा
गुरुग्राम में साॅफ्टवेयर इंजीनियर बदतमीजी का आरोपी कैब ड्राइवर गिरफ्तार:फर्जी आईडी से उबर कैब चला रहा, सोशल मीडिया पर शिकायत के बाद कार्रवाई
गुरुग्राम में एयरपोर्ट से घर लौट रही सॉफ्टवेयर इंजीनियर एआई डवलपर से ज्यादा किराए की डिमांड कर बदतमीजी और जान से मारने की धमकी देने वाले उबर ड्राइवर को पुलिस ने अरेस्ट कर कर लिया है। आरोपी की पहचान यासिर (उम्र 26 वर्ष), पुत्र इलियास के रूप में हुई है, जो मूल रूप से नूंह जिले के घासेड़ा गांव का निवासी है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी यासिर ने महिला के साथ की गई इस वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया है। जांच में एक और चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि आरोपी यासिर ने उबर प्लेटफॉर्म पर 'जमील जाहिद खान' के नाम से एक फर्जी आईडी बनाई हुई थी और वह इसी फर्जी नाम का इस्तेमाल कर सवारियों को ले जाता था। पुलिस अब आरोपी से इस बात की गहनता से पूछताछ कर रही है कि उसने यह फर्जी आईडी क्यों और किसकी मदद से बनाई थी, साथ ही उसके पिछले आपराधिक रिकॉर्ड को भी खंगाला जा रहा है। एयरपोर्ट से घर लौट रही थी दिल्ली एयरपोर्ट से पालम विहार क्षेत्र के लिए उबर कैब बुक करने वाली तानिषा ने 'X' पर अपनी आपबीती साझा की थी। पीड़िता ने अपनी पोस्ट में बताया कि जब वह गुरुग्राम में अपने ड्रॉप लोकेशन पर पहुंची तो कैब ड्राइवर ने ऐप पर दिख रहे वास्तविक बिल से अधिक पैसों की मांग शुरू कर दी। जब उसने अतिरिक्त पैसे देने से साफ इनकार कर दिया, तो चालक उग्र हो गया। उसने उसे कार में बंद कर दिया और हाथ भी मरोड़ा। किसी तरह वह कैब से निकल कर अपने घर तक पहुंची तो आरोपी वहां तक पीछा करते हुए आया और गेट पर चढ़ गया। सोशल मीडिया पर कॉन्टेक्ट किया पुलिस की सोशल मीडिया मॉनिटरिंग टीम ने इस संवेदनशील पोस्ट को देखते ही तुरंत मामले को संज्ञान में लिया। पुलिस टीम ने पीड़िता से संपर्क स्थापित करने और घटना के संबंध में पूरी जानकारी जुटाने के लिए 'X' प्लेटफॉर्म के माध्यम से ही उनसे संवाद साधा। इसके बाद मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया शुरू की। पुलिस ने एफआईआर दर्ज की मामले में स्वतः संज्ञान लेते हुए पुलिस ने थाना पालम विहार में संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की। इसके बाद तकनीकी सहायता के माध्यम से आरोपी चालक के वाहन और उसकी डिजिटल पहचान के बारे में गोपनीय जानकारियां जुटाई गईं। आरोपी की लोकेशन ट्रेस करने के बाद थाना पालम विहार और क्राइम ब्रांच सेक्टर-39 की पुलिस टीमों ने एक संयुक्त जाल बिछाया और आरोपी चालक को दबोच लिया। महिला सुरक्षा पर पुलिस का सख्त रुख एसीपी क्राइम नवीन शर्मा ने बताया कि महिला सुरक्षा के साथ खिलवाड़ करने वाले किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस प्रशासन महिलाओं की सुरक्षा के लिए पूर्णतया प्रतिबद्ध है और ऐसे मामलों में स्वतः संज्ञान लेकर आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाती रहेगी, ताकि भविष्य में कोई भी इस तरह का दुस्साहस न कर सके।