समाचार · पंजाब
लुधियाना में भारी हंगामा:लोक मिलनी कार्यक्रम में पहुंचे AAP विधायक का जनता ने किया घेराव, गाड़ी रोककर लगाए 'मूर्दाबाद' के नारे
लुधियाना के न्यू बहादुरके रोड,भाटियों के पास मेट्रो रोड पर उस समय स्थिति बेहद तनावपूर्ण हो गई, जब आम आदमी पार्टी (AAP) के स्थानीय विधायक जीवन सिंह सांगोवाल एक जनसभा (लोक मिलनी) में पहुंचे। गगनदीप कॉलोनी और न्यू बहादुरके गांव के निवासियों, जिनमें मुख्य रूप से बाजीगर बिरादरी के लोग शामिल थे, ने विधायक के खिलाफ जमकर आक्रोश व्यक्त किया और उनकी गाड़ी का घेराव कर दिया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 10:30 बजे मेट्रो रोड पर एक 'लोक मिलनी' कार्यक्रम का आयोजन किया गया था, जहाँ विधायक जीवन सिंह सांगोवाल को जनता की समस्याएं सुननी थीं। स्थानीय लोगों और कांग्रेसी सरपंच पिंकी राम के समर्थकों का आरोप है कि जब लोग अपनी मांगें लेकर कार्यक्रम स्थल पर जाने लगे, तो उन्हें अंदर जाने से रोक दिया गया। बाजीगर बिरादरी की मुख्य मांग: प्रदर्शन कर रहे लोगों का कहना है कि वे सरकार द्वारा बाजीगर बिरादरी के 2% कोटे को कथित तौर पर बंद किए जाने या उसमें बदलाव किए जाने के खिलाफ विधायक को ज्ञापन सौंपना चाहते थे। लोगों का आरोप है कि मौजूदा 'आप' सरकार उनके अधिकारों को छीन रही है, जिसे वे दोबारा बहाल करवाना चाहते हैं।
इस मामले में वीडियो भी सामने आया है वीडियो की शुरुआत में एक व्यक्ति पंजाबी में कह रहा है, लो जी, एमएलए साहब आए ने ते बिना गल्ल करन तों लग्गदा मैनूं चले जाणगे मौजूदा सरपंच दे बंदियां दी गल्ल नहीं सुणदे पए। (विधायक साहब आए हैं और बिना बात सुने जा रहे हैं, मौजूदा सरपंच के लोगों की बात नहीं सुन रहे)। गाड़ी का घेराव: जैसे ही विधायक सांगोवाल अपनी सफेद रंग की फॉर्च्यूनर गाड़ी में बैठते हैं, गुस्साए लोग गाड़ी के आगे आ जाते हैं। लोग चिल्लाते हैं, साडी गल्ल सुण के जाओ। नारेबाजी और हंगामा: भीड़ इतनी ज्यादा हो जाती है कि कुछ लोग गाड़ी के बोनट पर हाथ मारने लगते हैं और पुलिस बल के सामने ही एमएलए साहब मुर्दाबाद, झाड़ू सरकार मुर्दाबाद के तीखे नारे लगाने शुरू कर देते हैं। भारी पुलिस सुरक्षा के बीच विधायक की गाड़ी को वहां से निकाला जाता है। गंभीर आरोप: विधायक के जाने के बाद, कांग्रेसी सरपंच पिंकी राम और अन्य स्थानीय नेता भीड़ के साथ हाथ उठाकर नारे लगाते हैं। ये लोगों की पंचायती जमीनों पर कब्जे करवाने वाले हैं, मुर्दाबाद इसके साथ ही सांगोवाल चोर, मुर्दाबाद के नारे भी लगाए जाते हैं।